इंदौर में कॉस्प्ले मास्टरक्लास ने आगामी इंदौर कॉमिक कॉन को लेकर उत्साह बढ़ाया

इंटरैक्टिव सेशन में कॉस्प्ले के इच्छुक प्रतिभागियों ने व्यावहारिक प्रदर्शन और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के माध्यम से कॉस्प्ले की कला को समझा।

इंदौर, 22 नवंबर, 2026: मारुति सुजुकी प्रस्तुत और क्रंचीरोल द्वारा संचालित इंदौर कॉमिक कॉन के पहले संस्करण की तैयारियों के तहत, कॉमिक कॉन इंडिया ने शनिवार को इंदौर के चाय 24 कैफे में एक कॉस्प्ले मास्टरक्लास का आयोजन किया। इस सेशन में कॉस्प्ले में रुचि रखने वाले कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह दोपहर रचनात्मकता, सीखने और अनुभवी कलाकारों के साथ संवाद के नाम रही। इस दौरान प्रतिभागियों को कॉस्प्ले की कला और उसकी बारीकियों को करीब से समझने का अवसर मिला।

19–20 दिसंबर, 2026 को ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाला इंदौर का पहला कॉमिक कॉन शहर के तेजी से बढ़ते पॉप-कल्चर समुदाय को एक मंच पर लाने का लक्ष्य रखता है। इस आयोजन के माध्यम से प्रशंसकों को अपने पसंदीदा किरदारों, कहानियों और फैंडम का जश्न मनाने का अवसर मिलेगा। मास्टरक्लास का उद्देश्य अधिक से अधिक प्रशंसकों को कॉस्प्ले के लिए प्रोत्साहित करना, उनकी रचनात्मक क्षमताओं को विकसित करना और आयोजन से पहले समान रुचि रखने वाले लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना था।

इस सेशन का संचालन अनुभवी कॉस्प्ले कलाकार समीर बुंदेला, मानस्वी और लाइट ने किया। तीनों ने प्रतिभागियों के साथ अपनी-अपनी विशेषज्ञता और अनुभव साझा किए। चार बार इंडियन कॉस्प्ले चैंपियन रह चुके समीर बुंदेला, जो एक कलाकार, फिल्म निर्माता और कॉस्प्ले जज भी हैं, ने प्रतिस्पर्धात्मक कॉस्प्ले और कॉस्ट्यूम निर्माण की दुनिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। विभिन्न कॉस्प्ले शैलियों के लिए पहचानी जाने वाली मानस्वी ने किरदारों को जीवंत रूप देने की कला के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं, वहीं लाइट ने विग स्टाइलिंग और मेकअप से जुड़ी अपनी विशेषज्ञता साझा की।

समीर बुंदेला ने कहा, “मुझे कॉस्प्ले के बारे में बात करना बेहद पसंद है और जब नए उत्साही चेहरों को इस शौक को अपनाने के लिए उत्सुक देखता हूं, तो बहुत अच्छा लगता है। अपने अनुभव साझा करने और कुछ टिप्स एवं ट्रिक्स बताने का मौका मिला, जिसका मैंने भरपूर आनंद लिया। यहां का कॉस्प्ले समुदाय भले ही अभी छोटा है, लेकिन इसमें पहले से ही काफी उत्साह है। इस वर्कशॉप ने मध्य प्रदेश के पहले कॉमिक कॉन को लेकर मेरा उत्साह और भी बढ़ा दिया है!”

मानस्वी ने कहा, “मास्टरक्लास सेशन बेहद शानदार और जानकारीपूर्ण अनुभव रहा और इसका हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी हुई। कॉस्प्ले समुदाय अभी छोटा है और लोगों के बीच कॉस्प्ले को लेकर जागरूकता भी सीमित है। लेकिन मुझे उम्मीद है कि इस तरह के व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से यह समुदाय आगे बढ़ेगा और अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ेंगे।”

इस मास्टरक्लास में प्रतिभागियों ने कॉस्प्ले के विभिन्न पहलुओं को समझा। इनमें किरदार की अवधारणा तैयार करने और कॉस्ट्यूम बनाने से लेकर सही सामग्री का चयन, विग स्टाइलिंग, फोम क्राफ्टिंग, मेकअप और प्रस्तुति तक की जानकारी शामिल रही। इस मास्टरक्लास ने इंदौर के कॉस्प्ले प्रेमियों को एक साथ आने, अपने विचार साझा करने और अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच भी प्रदान किया।

इंदौर कॉमिक कॉन के पहले संस्करण के आयोजन में अब कुछ ही समय शेष है। ऐसे में यह कॉस्प्ले मास्टरक्लास उन कई पहलों में से एक है, जिनके माध्यम से कॉमिक कॉन इंडिया स्थानीय प्रशंसक समुदायों के साथ जुड़ रहा है और आगामी आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल तैयार कर रहा है।

Leave a Comment