जल ही जीवन है का वैज्ञानिक संदेश लेकर विद्यार्थियों ने ली जल संरक्षण की शपथ

“मानव शरीर का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा जल है, इसलिए जल संरक्षण केवल आवश्यकता नहीं, जीवन के प्रति जिम्मेदारी है”—डॉ. ए.के. द्विवेदी

इंदौर, 19 नवंबर। एसकेआरपी गुजराती होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, इंदौर के मानव शरीर क्रिया विज्ञान एवं जैव रसायन विभाग द्वारा प्रथम वर्ष BHMS विद्यार्थियों के लिए जल संरक्षण एवं जनजागरूकता पर विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानव शरीर में जल की वैज्ञानिक एवं शारीरिक महत्ता समझाते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

मानव शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि सामान्य वयस्क मानव शरीर का लगभग 60 प्रतिशत भाग जल से बना होता है। मस्तिष्क, हृदय, फेफड़े, मांसपेशियों एवं रक्त के सामान्य कार्यों में पानी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शरीर में तापमान नियंत्रण, पोषक तत्वों के परिवहन तथा विभिन्न जैविक क्रियाओं के संचालन में भी जल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टि से भी “जल ही जीवन है” कथन पूर्णतः सार्थक है।

डॉ. द्विवेदी ने इंदौर में इस वर्ष कम वर्षा के कारण आगामी महीनों में संभावित जल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने जल संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को मई 2026 के अंतिम सप्ताह में भेजे गए अपने पत्र तथा जून के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रत्युत्तर का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिनव मुकाती, असिस्टेंट प्रोफेसर ने किया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने पानी की प्रत्येक बूंद बचाने, जल का अनावश्यक उपयोग रोकने तथा समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

Leave a Comment