- Nimrat Kaur Celebrates One Year of The Family Man Season 3, Offers a Humorous Peek into Her Portrayal of the Femme Fatale Meera
- Himesh Reshammiya Cheers for Gujarati comedy ‘Ruff and Tuff Kanya’, Extends His Best Wishes to the Team
- एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ‘निर्वाण-2026’ का आगाज, छह दिन खेल, कला और संस्कृति के नाम
- Pankaj Tripathi Aditi Rao Hydari’s Parivarik ManuRanjan tops SonyLIV’s most-watched films of 2026
- एमआईटी-डब्ल्यूपीयू के 8वें राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन में एआई के युग में सत्य और जवाबदेही का आह्वान
एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ‘निर्वाण-2026’ का आगाज, छह दिन खेल, कला और संस्कृति के नाम
21 से 26 नवंबर तक होंगे आयोजन, फैशन शो में विद्यार्थी बनेंगे दुनिया की आइकॉनिक हस्तियां; 26 को ग्रैंड कल्चरल ईवनिंग और गाला डिनर
इंदौर। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एमजीएम), इंदौर में छह दिवसीय वार्षिक समारोह ‘निर्वाण-2026’ का शनिवार को शुभारंभ हुआ। 21 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में मेडिकल विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। समारोह में खेल प्रतियोगिताओं से लेकर डांस, सिंगिंग, कवि सम्मेलन, क्विज, फाइन आर्ट्स और फैशन शो सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
समारोह का उद्घाटन मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन अरविंदो ग्रुप के चेयरमैन डॉ. विनोद भंडारी ने किया, जबकि स्पोर्ट्स गतिविधियों का उद्घाटन विधायक गोलू शुक्ला ने किया। आयोजन में कॉलेज के डीन एवं सीईओ डॉ. अरविंद घनघोरिया तथा कोर कमेटी के चेयरमैन डॉ. अरविंद शुक्ला की प्रमुख भूमिका है।
पांच प्रमुख थीम में बांटे गए आयोजन
निर्वाण-2026 के अंतर्गत कार्यक्रमों को पांच प्रमुख श्रेणियों में आयोजित किया जा रहा है। इनमें अलंकार, सृजन, आवाहन और नवरस सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। अलंकार के अंतर्गत डिबेट, क्विज, स्क्विड गेम्स, ओपन माइक पोएट्री, मॉक पार्लियामेंट, बॉलीवुड क्विज और कवि सम्मेलन जैसी साहित्यिक एवं बौद्धिक गतिविधियां होंगी।
सृजन के अंतर्गत पेंटिंग, कैरिकेचर, कार्टून, पोस्टर मेकिंग, स्केचिंग, टी-शर्ट पेंटिंग, मेहंदी, ओरिगामी, फेस पेंटिंग, रंगोली और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों की प्रदर्शनी 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से लगेगी।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखेगा विद्यार्थियों का दम
आवाहन के अंतर्गत बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, शतरंज, कैरम, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, टग ऑफ वॉर और फुटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं होंगी। 21 से 26 नवंबर तक अलग-अलग खेलों के मुकाबले, सेमीफाइनल और फाइनल आयोजित किए जाएंगे।
डांस, सिंगिंग और फैशन शो रहेंगे आकर्षण
नवरस के अंतर्गत सोलो सिंगिंग, डुएट सिंगिंग, सोलो डांस, डुएट डांस और ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। समारोह का खास आकर्षण 25 नवंबर को होने वाला फैशन शो रहेगा। इसकी थीम ‘आइकॉनिक वर्ल्ड’ रखी गई है, जिसमें विद्यार्थी दुनिया की प्रसिद्ध और प्रतिष्ठित हस्तियों के रूप में नजर आएंगे। इसमें बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता-अभिनेत्रियों सहित अलग-अलग क्षेत्रों की आइकॉनिक पर्सनैलिटीज को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
26 नवंबर को गणेश वंदना, टैलेंट शो, स्किट और डीजे नाइट जैसे कार्यक्रम होंगे।
26 नवंबर को ग्रैंड कल्चरल ईवनिंग
समारोह का समापन 26 नवंबर को ग्रैंड कल्चरल ईवनिंग के साथ होगा। इसके तहत शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसके बाद शाम 7 बजे से गाला डिनर आयोजित किया जाएगा। आयोजन का स्थल एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर का केईएम ग्राउंड रहेगा। छह दिनों तक चलने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों के अकादमिक जीवन के साथ उनकी रचनात्मकता, खेल भावना और सांस्कृतिक प्रतिभा को भी मंच प्रदान करेगा।


