- ईरूफ फाउंडर्स एडिशन में उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार पर हुई चर्चा, 40 युवा उद्यमियों को किया सम्मानित
- राजघरानों की विरासत, व्यंग्य, कविता, गीत और संगीत से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल सीजन 12 का अंतिम दिन
- प्लास्टिक उद्योग में AI और रोबोटिक्स की बढ़ती भूमिका: स्मार्ट मशीनें बदल रहीं उत्पादन का तरीका
- Boss Lady in Western to Ethnic Serenity in Traditionals: 5 Times Birthday Girl Raashii Khanna Stunned Us with Her Fashion Soirees
- ये प्रेम मोल लिया’ बना परिवारों की पहली पसंद; वीकेंड पर शाम के शोज़ में दर्शकों की संख्या बढ़ी
प्लास्टिक उद्योग में AI और रोबोटिक्स की बढ़ती भूमिका: स्मार्ट मशीनें बदल रहीं उत्पादन का तरीका
AI आधारित तकनीक से उत्पादों की गुणवत्ता जांचने, मशीनों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उत्पादन प्रक्रिया को अधिक सटीक बनाने की दिशा में हो रहे बदलाव
इंदौर, 29 नवंबर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स अब प्लास्टिक उद्योग में भी उत्पादन की प्रक्रिया को बदल रहे हैं। मशीनों के संचालन से लेकर तैयार उत्पादों की गुणवत्ता जांचने तक, कई स्तरों पर इन तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। AI आधारित सिस्टम उत्पादन के दौरान मिलने वाले आंकड़ों का विश्लेषण कर मशीनों की कार्यक्षमता सुधारने, उत्पादों में होने वाली खामियों की पहचान करने और उत्पादन प्रक्रिया को अधिक सटीक बनाने में मदद कर रहे हैं। लाभगंगा एग्जीबिशन सेंटर में चल रहे प्लास्ट पैक 2026 में इस बार आधुनिक मशीनों, ऑटोमेशन और भविष्य की तकनीकों को लेकर विशेष रुचि देखने को मिली।
AI आधारित विजन सिस्टम कैमरों और सेंसर की मदद से तैयार उत्पादों की जांच कर सकते हैं। उत्पाद की सतह पर मौजूद खामियों, आकार में अंतर, गलत कटिंग या अन्य तकनीकी कमियों की पहचान करके खराब उत्पादों को अलग किया जा सकता है। इससे गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया तेज और अधिक व्यवस्थित बनती है। वहीं, मशीनों से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण कर उत्पादन में होने वाले बदलावों को समझने और जरूरत के अनुसार मशीनों की सेटिंग में सुधार करने में भी मदद मिलती है।
रोबोटिक्स के इस्तेमाल से प्लास्टिक निर्माण की कई प्रक्रियाएं ऑटोमेटेड हो रही हैं। इंजेक्शन मोल्डिंग जैसी प्रक्रियाओं में रोबोट तैयार उत्पादों को मशीन से बाहर निकालने, उन्हें व्यवस्थित करने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम कर सकते हैं। इससे उत्पादन की गति और एकरूपता बनाए रखने में मदद मिलती है। AI आधारित कैमरे और सेंसर रोबोट्स को उत्पादों की पहचान करने और उनके अनुसार काम करने में सक्षम बनाते हैं।
मशीनों के रखरखाव में भी AI की भूमिका बढ़ रही है। मशीनों के तापमान, दबाव, ऊर्जा खपत और काम करने के तरीके से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण करके संभावित तकनीकी खराबी के संकेत पहले ही मिल सकते हैं। इससे मशीन बंद होने की स्थिति आने से पहले रखरखाव की योजना बनाई जा सकती है। उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और तैयार उत्पाद की गुणवत्ता पर निगरानी रखने में भी ऐसी तकनीकें उपयोगी साबित हो रही हैं।
मध्यप्रदेश के एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्यप ने कहा कि प्लास्ट पैक जैसी प्रदर्शनियां इंदौर और मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इनके माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्योगों को अपनी तकनीक और उत्पाद प्रदर्शित करने तथा नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मंच मिलता है। सरकार छोटे और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में क्रिएटिव इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने की पहल की जा रही है, ताकि छोटे उद्यमियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि निजी डेवलपर्स को ऐसे कॉम्प्लेक्स विकसित करने के लिए 8 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर तक की सब्सिडी देने का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और युवाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने में मदद करेंगी।
इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि प्लास्टिक उद्योग के सामने अब केवल उत्पादन बढ़ाने की चुनौती नहीं है, बल्कि कम समय में बेहतर गुणवत्ता और अधिक सटीकता के साथ उत्पाद तैयार करना भी जरूरी हो गया है। AI और ऑटोमेशन इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। मशीनों से मिलने वाले डेटा का सही इस्तेमाल करके उत्पादन प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सकता है। इससे उद्योग की उत्पादकता बढ़ाने के साथ गुणवत्ता को भी लगातार बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में तकनीक को अपनाने वाले उद्योग बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को अधिक प्रभावी ढंग से तैयार कर सकेंगे।
प्लास्ट पैक 2026 के अध्यक्ष जाहिद शाह ने कहा कि प्लास्टिक उद्योग में रोबोटिक्स और AI का इस्तेमाल भविष्य की बड़ी जरूरत बनने जा रहा है। आज ग्राहकों की अपेक्षाएं बदल रही हैं और हर क्षेत्र में बेहतर गुणवत्ता, सटीकता और समय पर उत्पादन की मांग है। ऐसे में आधुनिक मशीनें और स्मार्ट तकनीक उद्योग को नई दिशा दे सकती हैं। प्लास्ट पैक का उद्देश्य भी यही है कि उद्योग से जुड़े लोगों को नई मशीनों, तकनीकों और संभावनाओं से परिचित कराया जाए, ताकि वे अपने कारोबार को भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकसित कर सकें।
इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के सचिव अंकित भारूका ने कहा कि नई तकनीकों के साथ उद्योग में कुशल युवाओं की जरूरत भी बढ़ेगी। AI, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन के कारण मशीनों के संचालन और उत्पादन की निगरानी का तरीका बदल रहा है। इससे तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास का महत्व भी बढ़ेगा। छोटे और मध्यम उद्योगों तक इन तकनीकों की पहुंच बनाना जरूरी है, ताकि वे भी अपनी उत्पादन क्षमता और गुणवत्ता में सुधार कर सकें। इस दिशा में उद्योग और तकनीकी संस्थानों के बीच सहयोग महत्वपूर्ण होगा.
इंडियन प्लास्ट पैक फोरम द्वारा मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय प्लास्ट पैक 2026 में 8 से अधिक राज्यों के 450 से ज्यादा प्रदर्शक और 500 से अधिक स्टॉल शामिल हैं। प्रदर्शनी में प्लास्टिक मशीनरी, कच्चे माल, पैकेजिंग, ऑटोमेशन और नई उत्पादन तकनीकों से जुड़े समाधान प्रस्तुत किए जा रहे हैं। प्रदर्शनी का कल 30 नवंबर को आखिरी दिन होगा। उद्योग से जुड़े लोगों, निर्माताओं और कारोबारियों के पास नई मशीनों और तकनीकों को देखने तथा उनके बारे में जानकारी लेने का यह अंतिम अवसर रहेगा।


