- ईरूफ फाउंडर्स एडिशन में उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार पर हुई चर्चा, 40 युवा उद्यमियों को किया सम्मानित
- राजघरानों की विरासत, व्यंग्य, कविता, गीत और संगीत से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल सीजन 12 का अंतिम दिन
- प्लास्टिक उद्योग में AI और रोबोटिक्स की बढ़ती भूमिका: स्मार्ट मशीनें बदल रहीं उत्पादन का तरीका
- Boss Lady in Western to Ethnic Serenity in Traditionals: 5 Times Birthday Girl Raashii Khanna Stunned Us with Her Fashion Soirees
- ये प्रेम मोल लिया’ बना परिवारों की पहली पसंद; वीकेंड पर शाम के शोज़ में दर्शकों की संख्या बढ़ी
राजघरानों की विरासत, व्यंग्य, कविता, गीत और संगीत से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल सीजन 12 का अंतिम दिन
डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कैसे कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने हासिल की बड़ी व्यावसायिक सफलता
हनुमान अंश के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बताया
इंदौर। साहित्य, कला, संस्कृति और विचारों के विविध रंगों से सजा इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल (ILF) का 12वां संस्करण रविवार को डेली कॉलेज में संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन के अंतिम दिन कविता, कहानी, बाल मनोविज्ञान, युवा लेखन, व्यंग्य, राष्ट्रीय एकता, सिनेमा, खानपान और राजघरानों की सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों पर संवाद हुए। देशभर से आए साहित्यकारों, कलाकारों, लेखकों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। अंतिम दिन एडवोकेट विष्णु शंकर जैन और फिल्म निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी, सुधांशु पांडे और रश्मि विराग के सत्र विशेष आकर्षण रहे।
अंतिम दिन की शुरुआत सुबह 9:30 बजे काव्य पाठ से हुई। इसमें डॉ. स्वाति सिंह, शोभा रानी तिवारी, डॉ. अमृता अवस्थी और आशा जाखड़ ने अपनी कविताओं की प्रस्तुति दी। मनीषा व्यास ने सत्र का संचालन किया। इसके बाद आयोजित ‘रचना पाठ’ में रानू दुबे, प्रतिमा शर्मा, कल्याणी गुप्ता, रश्मि जोशी, प्राची पांडे, रंजना शर्मा, अर्चना नाइक, शीला बड़ोदिया और डॉ. नीलिमा संजीवनी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
सुबह 10:30 बजे ‘Story Telling’ सत्र में नीरजा जैन और नवारा कम्युनिटी की ओर से इशायु ने कहानी वाचन की प्रस्तुति दी। इसके बाद ‘बाल मनोविज्ञान का बदलता स्वरूप’ विषय पर डॉ. विकास देव ने संवाद किया। पंकज दीक्षित ने सत्र का संचालन किया। वहीं “बडिंग अर्थर्स’ सत्र में शिवानी कुमार, अनुषा गुप्ता, तनिषा बबरीवाल, जैस्मीन मेहर, अजीम उद्दीन और केशव पोरवाल ने अपने लेखन और रचनात्मक अनुभव साझा किए। डॉ. ईशा तिवारी और उमेश बहुरानी ने युवा लेखकों के साथ संवाद किया।
इसके बाद ‘नर्मदा तीर : अनुपम अनुभव’ सत्र में ओम द्विवेदी ने नर्मदा से जुड़े अनुभव साझा किए। ईश्वर शर्मा ने सत्र का संचालन किया।
हास्य और व्यंग्य के लिए प्रसिद्ध पद्मश्री डॉ. ज्ञान चतुर्वेदी के साथ ‘हंसी भी, हंगामा भी’ सत्र आयोजित हुआ। इसमें उन्होंने व्यंग्य की भूमिका और समाज से उसके संबंध पर संवाद किया। प्रो. आशुतोष दुबे ने सत्र का संचालन किया।
‘वंदे मातरम् : अखंडता के अर्थ’ सत्र में लेखक एवं प सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। नीरज साल्वी ने सत्र का संचालन किया। दोपहर में ‘लाइफ द बायोग्राफी गेम’ सत्र में अभिनेता एवं लेखक अविजीत दत्ता ने अपने जीवन और अनुभवों से जुड़े प्रसंग साझा किए। नवीन खंडेलवाल और गरिमा द्विवेदी के साथ हुए इस संवाद में जीवन के अनुभवों और उनसे मिलने वाली सीख पर चर्चा हुई।
दोपहर बाद आयोजित ‘सांस्कृतिक पुनर्जागरण’ सत्र में एडवोकेट विष्णु शंकर जैन ने अपनी वकालत की यात्रा और अयोध्या व भोजशाला से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी मामलों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि, उन्होंने अपने पिता के साथ वकालत की शुरुआत की थी और शुरुआती दिनों में 10 हजार रुपए के वेतन पर उनके साथ काम किया। बाद में जब पिता ने उन्हें स्वतंत्र रूप से अपना रास्ता बनाने के लिए कहा, तो उन्होंने अलग रहकर अपनी प्रैक्टिस शुरू की। इस दौरान रामजन्मभूमि से जुड़े मामले में भी उन्होंने अपने पिता के साथ काम किया।
भोजशाला मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि, किस तरह इस मामले में याचिका दायर करने से लेकर न्यायालय के निर्णय तक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ी। उन्होंने मंगलवार को आरती और शुक्रवार को नमाज से जुड़े न्यायालय के आदेश तथा बसंत पंचमी और शुक्रवार एक ही दिन पड़ने की स्थिति में सुप्रीम कोर्ट में दोबारा अपील करने के घटनाक्रम के बारे में भी बताया। जैन ने सनातन परंपराओं के संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कारसेवकों के साथ हुई घटनाओं और उस दौर में महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि, किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले उसके ऐतिहासिक संदर्भ और परिस्थितियों को समझना जरूरी है। डॉ. विकास देव और चक्रपाणि दत्त मिश्र ने सत्र का संचालन किया।
इसके बाद गीतकार रश्मि विराग और अभिनेता सुधांशु पांडे के साथ ‘बॉलीवुड, सनातन और सेंसरशिप’ विषय पर चर्चा हुई। आर.जे. तथागत और डॉ. सोनल सिसोदिया ने सत्र का संचालन किया। इसमें सिनेमा में सांस्कृतिक मूल्यों के चित्रण, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सेंसरशिप जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।
खानपान और पाक संस्कृति पर केंद्रित ‘खेत, खाना और खुशी’ सत्र में शेफ एवं फूड ब्लॉगर निकुंज वासोया ने अपने अनुभव साझा किए। ज्योति जैन और निहारिका फ्रांसिस ने सत्र का संचालन किया।
फिल्म निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी के साथ ‘हनुमान अंश की कहानी, विशाल चतुर्वेदी की जुबानी’ उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने बेहद कम बजट में फिल्म बनाई और इसके बावजूद फिल्म ने अच्छा व्यावसायिक प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने प्रॉफिट मार्जिन के आधार पर इसे दुनिया में कम बजट में सर्वाधिक लाभ कमाने वाली फिल्मों में पांचवें स्थान पर बताया। चतुर्वेदी ने बताया कि, शुरुआत में यह कहानी पुस्तक के रूप में लिखी गई थी, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि, इसे फिल्म के माध्यम से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि, फिल्म में कुल 11 गाने हैं, जिन्हें पांच से छह अलग-अलग भारतीय बोलियों में तैयारकिया गया है। उनका मानना है कि, भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सनातन से जुड़ी कहानियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए इस तरह की फिल्में बननी चाहिए। उन्होंने लेखन के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि, रचनाकारों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि वे अपनी कहानियों को किस तरह प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सकते हैं। अपनी भाषाओं, बोलियों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना और अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। ममता सिंह और ख्याति शर्मा ने सत्र का संचालन किया।
अंतिम दिन का एक विशेष आकर्षण
राज परिवार से आए लोगों का सत्र रहा। इसमें नवाबजादी आलिया सुल्ताना बाबी, महाराज साहेब पुष्पराज सिंह (रीवा), महारानी साहेबा प्रीतिका सिंह (डुमरांव), महारानी साहेबा माधवी जमींदार (इंदौर) और प्रिंसेस लाक्षिका कुमारी (नागौद) शामिल हुईं। ख्याति सिंह बघेल के साथ हुए इस संवाद में देश के विभिन्न राजघरानों की विरासत, परंपराओं, सांस्कृतिक धरोहर और उनसे जुड़े अनुभवों पर चर्चा हुई।
इसके बाद ‘कविता शर्मा के गीतों का सफर’ सत्र में गीतों और संगीत के माध्यम से उनकी रचनात्मक यात्रा को प्रस्तुत किया गया। शाम 7 बजे ओपन माइक आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
तीन दिवसीय उत्सव का समापन ‘मन बैरागी हुआ’ शीर्षक से आयोजित युग्म बैंड की संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ। आर.जे. तथागत द्वारा प्रस्तुत इस शो में संगीत और सुरों के माध्यम से दर्शकों को एक खूबसूरत संगीतमय अनुभव मिला। इसके साथ ही साहित्य, कला और संस्कृति के साझा मंच के रूप में आयोजित 12वें इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल का समापन हुआ।
इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल के संस्थापक प्रवीण शर्मा ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, साहित्यकारों, कलाकारों, वक्ताओं, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 संस्करणों से जारी यह आयोजन साहित्य और संस्कृति के विभिन्न आयामों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहा है। 12वें संस्करण में भी स्थापित रचनाकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को मंच देने और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया गया।
आयोजन के मुख्य प्रायोजक माइक्रो मिट्टी रहे, जबकि डेली कॉलेज वेन्यू पार्टनर रहा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव में प्रवेश एवं भोजन व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रखी गई।


