शाजापुर के किसानों और खाद्य उद्यमियों को बड़े उद्योगों से जोड़ने की पहल, ITC, अडानी और मैक्केन के साथ हुईं B2B बैठकें

‘मालवा संगम शाजापुर फूड वैल्यू संगम-2026’ में 180 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, खाद्य प्रसंस्करण और औद्योगिक विकास के अवसरों पर हुई चर्चा

इन्दौर, 20 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (MPLUN) द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत संचालित RAMP (MSME प्रदर्शन सुदृढ़ीकरण एवं त्वरण) कार्यक्रम के तहत खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए वेंडर विकास कार्यक्रम ‘मालवा संगम शाजापुर फूड वैल्यू संगम-2026’ का आयोजन श्री आनंदम सेवाश्री मॉल, दुपाड़ा रोड, शाजापुर में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के प्याज, आलू, लहसुन एवं सोयाबीन उत्पादकों, कृषक उत्पादक संगठनों (FPO), स्व-सहायता समूहों तथा सूक्ष्म एवं लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बड़े क्रेता उद्योगों एवं बाजार से सीधे जोड़ना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शाजापुर श्री अरुण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिसोदिया, कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े एवं लघु उद्योग भारती अध्यक्ष श्री दिनेश तिवारी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। RAMP के नोडल अधिकारी ने स्वागत उद्बोधन में कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं प्रदेश में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
अतिथियों ने स्थानीय कृषि उपज के मूल्य संवर्धन, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा किसानों एवं उद्यमियों को बाजार से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक श्री अरुण भीमावद ने कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों, उद्यमियों एवं व्यापारियों को उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शाजापुर में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है। जिले के युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि उद्यम स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों की स्थापना के लिए शासन, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि हरसंभव सहयोग करेंगे।

विधायक श्री भीमावद ने कहा कि शाजापुर में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया है। अब आवश्यकता है कि युवा एवं उद्यमी आगे आकर उद्योग स्थापना का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित भूमि का उपयोग वास्तविक उद्योग लगाने और रोजगार सृजन के लिए होना चाहिए, न कि केवल गोदाम बनाकर किराये पर देने के लिए।

उन्होंने कहा कि किसानों की उपज को खेत से फैक्ट्री तक पहुंचाने के साथ-साथ तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह कार्यशाला किसानों, उद्यमियों और बड़े उद्योगों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बाजार से जोड़ने के लिए मध्यप्रदेश शासन, जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि पूरा सहयोग करेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिसोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि शाजापुर जिले में आलू, प्याज, लहसुन एवं सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज को खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और बाजार से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिल सके। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि जिले के किसान उद्योगों की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कच्चा माल उपलब्ध कराने में सक्षम हैं। साथ ही उन्होंने उपस्थित उद्यमियों से मध्यप्रदेश शासन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने किसानों से समूह बनाकर खेती करने का आग्रह किया, जिससे उत्पादन, विपणन एवं बिक्री में सुविधा मिल सके। श्री सिसोदिया ने युवाओं से उद्यमिता अपनाकर नौकरी देने वाला बनने का आह्वान किया।

कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने संबोधित करते हुए कहा कि जिले में कृषि एवं उद्यानिकी फसलों के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाकर फसलों का विविधीकरण और मूल्य संवर्धन करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उद्यानिकी फसलों एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों से किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में उत्पादित कृषि उपज को खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से जोड़ने और तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योग स्थापना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं, आवश्यकताओं एवं सहयोग की जानकारी इस कार्यशाला में उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यशाला का अधिकतम लाभ लेने तथा नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से उद्योग स्थापना एवं उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर लघु उद्योग भारती अध्यक्ष श्री दिनेश तिवारी ने भी संबोधित किया, तकनीकी सत्र में विभिन्न योजनाओं एवं अवसरों की दी जानकारी

प्रथम तकनीकी सत्र में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री प्रकाश इंदौर ने मध्यप्रदेश MSME नीति, एमपी स्टार्टअप सेंटर के श्री मुस्तफा ने स्टार्टअप नीति, कृषि विभाग के उप संचालक श्री नितेश यादव ने जिले के फसल परिदृश्य एवं FPO तथा उद्यानिकी विभाग के श्री धारीवाल ने प्याज (एक जिला-एक उत्पाद) एवं PMFME योजना की जानकारी दी। नाबार्ड के श्री पंकज येवले ने कृषि अवसंरचना कोष, FPO वित्तपोषण, निर्यात के अवसरों एवं निर्यात पंजीयन की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

बड़े उद्योगों के प्रतिनिधियों ने बताई वेंडर बनने की प्रक्रिया

एंकर इकाइयों के सत्र में ITC लिमिटेड, बायोन्यूट्रिएंट्स, AWL एग्री बिजनेस (अडानी) एवं मैक्केन फूड्स के प्रतिनिधियोंने कच्चे माल की आवश्यकता, गुणवत्ता मानकों तथा वेंडर बनने की प्रक्रिया के बारे में प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद B2B हॉल में एंकर इकाइयों एवं स्थानीय वेंडरों तथा FPO के बीच वन-टू-वन बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में कृषि उत्पादों के नमूनों, उपलब्ध मात्रा, मूल्य एवं गुणवत्ता को लेकर सीधे संवाद और चर्चा हुई।

खाद्य प्रसंस्करण, एग्रीटेक एवं आधुनिक पैकेजिंग पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

समानांतर रूप से आयोजित द्वितीय तकनीकी सत्र में भारतीय डाक विभाग द्वारा डाकघर निर्यात केंद्र के माध्यम से निर्यात की जानकारी दी गई। श्री नितिन आरस (प्रोकॉन वेंचर्स) ने भविष्य के खाद्य पदार्थों एवं एग्रीटेक, डॉ. सुभाष कटारे (ICAR-केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान) ने आलू की प्रसंस्करण योग्य किस्मों, श्री अजेश कुमार (ICAR-केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल) ने कटाई पश्चात प्रसंस्करण तथा डॉ. सुबोध जयकर (जॉइंट डायरेक्टर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग) ने आधुनिक पैकेजिंग के संबंध में जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में विधायक श्री अरुण भीमावद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिसोदिया पूरे समय उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों, उद्यमियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिले में उद्योगों की स्थापना और खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधिगण, जिले के किसान, FPO, स्व-सहायता समूह, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के प्रतिनिधि एवं नवउद्यमी सहित 180 से अधिक प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Comment