साईटेड के दस वर्ष पूरे, 60 से अधिक स्कूलों के 4,482 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

भुवनेश्वर, 26 नवंबर, 2026: साई इंटरनेशनल एजुकेशन ग्रुप ने अपने प्रमुख विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं डिजाइन (STEM) सम्मेलन साईटेड (SAITED) के 10वें संस्करण का आयोजन साई इंटरनेशनल स्कूल, भुवनेश्वर में किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध एयरोस्पेस वैज्ञानिक एवं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के सैटेलाइट सेंटर (URSC) के पूर्व निदेशक पद्मश्री डॉ. मायलस्वामी अन्नादुरई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस विशेष संस्करण की थीम ‘फ्रॉम द शैडोज: इंजीनियरिंग द इम्पॉसिबल’ थी।

इस वर्ष के आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण साई कॉम्बिनेटर: स्टूडेंट स्टार्टअप एक्सेलेरेटर एंड डेमो डे रहा। यह देशभर के स्कूली विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई एक उद्यमिता पहल है, जिसमें विभिन्न स्कूलों के युवा नवाचारकर्ताओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने टीम बनाकर वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान की और उनके समाधान के लिए स्टार्टअप से जुड़े विचार विकसित किए। इन विचारों के साथ प्रोटोटाइप, संभावित ग्राहकों और व्यावहारिक बिजनेस मॉडल भी प्रस्तुत किए गए। एक्सेलेरेटर बूटकैंप के बाद चयनित टीमों ने उद्यमियों और स्टार्टअप संस्थापकों की बाहरी जूरी के सामने अपने विचारों को प्रस्तुत किया।

भारत के सबसे बड़े स्कूल-स्तरीय, विद्यार्थी-केंद्रित STEM आयोजनों में से एक के रूप में पहचाना जाने वाला साईटेड विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं, नवाचारकर्ताओं और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रुचि रखने वालों को एक मंच पर लाता है। इस वर्ष के संस्करण में ६० से अधिक स्कूलों के ४,४८२ से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और २१० से अधिक परियोजनाएं प्रदर्शित की गईं। साई इंटरनेशनल एजुकेशन ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. बिजया कुमार साहू ने वर्ष २०१६ में इस मंच की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य अनुभवात्मक शिक्षा और आपसी सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने, अपने नवाचार प्रस्तुत करने और वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इस अवसर पर डॉ. सिल्पी साहू, चेयरपर्सन, साई इंटरनेशनल एजुकेशन ग्रुप ने कहा, “साईटेड जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पिछले एक दशक में इस मंच ने युवा मस्तिष्कों को सवाल पूछने, नई चीजें तलाशने और विचारों को संभावनाओं में बदलने के लिए प्रेरित किया है।”

मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. मायलस्वामी अन्नादुरई ने भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण यात्रा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, दृढ़ता और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया। टेड टॉक सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ वैज्ञानिक खोज और नवाचार की संभावनाओं पर संवाद किया। इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच सामान्यतः कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में स्कूली विद्यार्थियों के लिए इतने व्यापक स्तर पर इस तरह का मंच तैयार करना सराहनीय है। उन्होंने कम उम्र से ही विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ने के अवसर प्रदान करने के लिए इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “हर बड़ी उपलब्धि की शुरुआत जिज्ञासा से होती है। युवा मस्तिष्कों को सवाल पूछते रहना चाहिए, प्रयोग करने चाहिए और पारंपरिक सोच से आगे की संभावनाओं पर विश्वास रखना चाहिए।”

अपने अनुभव साझा करते हुए कक्षा ११ के विद्यार्थी आरव मिश्रा ने कहा, “साईटेड ने हमें पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर अपने विचारों को वास्तविक रूप देने का शानदार अवसर दिया है। अन्य युवा नवाचारकर्ताओं से बातचीत करने और अलग-अलग परियोजनाओं को देखने से मुझे रचनात्मक ढंग से सोचने, बिना झिझक प्रयोग करने और वास्तविक जीवन की चुनौतियों को नवाचार के अवसरों के रूप में देखने की प्रेरणा मिली है।”

कक्षा ११ की छात्रा अनन्या दास ने कहा, “साईटेड का हिस्सा बनना मेरे लिए एक समृद्ध अनुभव रहा है। इस मंच ने मुझे जिज्ञासु बने रहने, नई संभावनाओं को तलाशने और यह समझने के लिए प्रेरित किया है कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी समाज में सार्थक बदलाव ला सकते हैं। यहां मुझे सहयोग और दूसरों से सीखने का महत्व भी समझने का अवसर मिला है।”

इस सम्मेलन में साइंस मॉडल प्रतियोगिता पुरस्कार और फाउंडर्स डिबेट कप के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्कृष्टता को सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी परियोजनाओं और मॉडलों के जरिए वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डॉ. अन्नादुरई ने टेक पार्क का उद्घाटन भी किया।
वैज्ञानिक अन्वेषण और विद्यार्थियों के नेतृत्व में नवाचार के दस वर्ष पूरे करने के साथ साईटेड अपने संस्थापक के विजन को आगे बढ़ा रहा है। यह मंच युवा पीढ़ी को आलोचनात्मक सोच विकसित करने, निडर होकर प्रयोग करने और भविष्य के निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रहा है।

Leave a Comment