- IIM Indore Conducts Bharat KALP Leadership Programme, Bringing Together Senior Civil Servants to Strengthen Governance and Public Leadership
- आईआईएमइंदौर ने आयोजित किया भारत KALP नेतृत्व कार्यक्रम; सुशासन और सार्वजनिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए देशभर के वरिष्ठ सिविल सेवक हुए शामिल
- Bunty Singh Wins Two Elite Titles, Shines at Mrs. Asia Pacific World & India International Cosmo 2026
- दो प्रतिष्ठित मंचों पर छाईं बंटी सिंह, मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड एवं इंडिया इंटरनेशनल कॉस्मो 2026 की एलीट विनर बनीं
- इंदौर में बिलियनेयर्स नेटवर्क के ‘बीएन प्रथम’ चैप्टर का लॉन्च, उद्यमियों को मिलेगा नेटवर्किंग का मंच
रथ में विराजे अग्रसेन और पालकी में प्रतिष्ठित महालक्ष्मी
राजवाड़ा से पोद्दार प्लाजा तक गूंजते रहे जयघोष, अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति ने बनाया विश्व कीर्तिमान
इंदौर। शहर के 130 अग्रवाल संगठनों की प्रतिनिधि संस्था श्री अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में आज शाम महाराजा अग्रसेन की 5142वीं जयंती के उपलक्ष्य में राजवाड़ा से पोद्दार प्लाजा तक निकली भव्य शोभायात्रा ने समूचे मार्ग को पूरे समय महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी के जयघोष से गुंजायमान बनाए रखा, वहीं सुसज्जित रथ पर विराजित महाराजा अग्रसेन एवं पालकी में प्रतिष्ठित कुलदेवी महालक्ष्मी को हजारों समाजबंधु पूरे मान-सम्मान के साथ लेकर चले।
युवा समाजसेवी गिरीश अग्रवाल ने अग्रसेन रथ का पूजन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। पोद्दार प्लाजा में महाराजा अग्रसेन के साथ महालक्ष्मी, दुर्गा एवं सरस्वती के दरबार की 5142 दीपों से महाआरती का दृश्य देखने लायक था। केंद्रीय समिति ने आज एक विश्व कीर्तिमान भी बना लिया, जब किसी एक कार्यक्रम में 11 हजार समाजबंधुओं को बैजेस लगाए गए। पोद्दार प्लाजा पहंुचने पर यह जुलूस सामाजिक सम्मेलन में बदल गया।
अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति के तत्वावधान में निकले इस जुलूस में इस बार भी यातायात व्यवस्था को कहीं भी बाधित नहीं होने दिया गया वहीं जुलूस के अंत में सफाई गाड़ी के माध्यम से पूरे मार्ग की साफ-सफाई भी की गई। केंद्रीय समिति के अध्यक्ष अरविंद बागड़ी, महामंत्री राजेश बंसल, पूर्व अध्यक्ष संजय बांकड़ा, किशोर गोयल, कुलभूषण मित्तल के साथ मुख्य अतिथि गिरीश अग्रवाल, प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, दिनेश मित्तल, पी.डी. अग्रवाल, टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल, संतोष गोयल, राम ऐरन, ओमप्रकाश बंसल, अविनाश अग्रवाल, जगदीश बाबाश्री, सीताराम मित्तल आदि ने महाराजा अग्रसेन के रथ का पूजन कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया तो अग्रसेन के जयघोष से आकाश गूंज उठा।
केंद्रीय समिति के कोषाध्यक्ष राजेंद्र समाधान, संयोजक पी.डी. गर्ग पप्पू, उपाध्यक्ष पुष्पा गुप्ता एवं गोविंद सिंघल, सहसंयोजक नवीन बागड़ी, सहमंत्री राजेश इंजीनियर तथा कार्यकारिणी सदस्य अरविंद अग्रवाल, दिनेश बंसल जूनी इंदौर, जितिन गोयल महू, मनोज अग्रवाल, मनोज बंसल पंप, नीलेश अग्रवाल दूधिया, नितिन अग्रवाल एयरपोर्ट, राहुल अग्रवाल चूरीवाला, राजेश मित्तल एवं शरद गोयल जनपद तथा महिला कार्यकारिणी सदस्य दीप्ति अग्रवाल, शीतल तोड़ीवाला और तृप्ति गोयल आदि ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं की अगवानी की।
जुलूस में बैंड-बाजों के साथ ढोल-ताशा पार्टी और सबसे आगे चल रहे 18 अश्वारोही बालक, वैदिक मंत्रोच्चार कर रहे वेदपाठी विद्वान, मंगल कलशधारी महिलाएं, फैंसी ड्रेस में शामिल नन्हे-मुन्ने बच्चे और मारवाड़ी परिधान में आए समाजबंधुओं के साथ ही सोलह श्रृंगार में सजी-धजी महिलाएं भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। भजन एवं गरबा मंडलियों की प्रस्तुतियों और महाराजा अग्रसेन तथा कुलदेवी महालक्ष्मी के जयघोष के बीच जैसे-जैसे यात्रा का काफिला आगे बढ़ता गया, अनेक मंचों से स्वागत की होड़ भी बढ़ती गई।
अग्रसेन महासभा की ओर से कोठारी मार्केट पर मशीन द्वारा पुष्पवर्षा और सियागंज के सूखे मेवे के व्यापारियों द्वारा प्रसाद वितरण के अलावा अनेक मंचों से पुष्पवर्षा, केशरिया दुपट्टों और पताकाओं के वितरण जैसे दृश्य भी देखने को मिले। पूरे मार्ग में करीब 30 मंचों से जुलूस का स्वागत हुआ लेकिन समिति की ओर से तैनात कार्यकर्ताओं ने कहीं भी यातायात अवरूद्ध नहीं होने दिया। इस दौरान समाजबंधुओं को 11 हजार बैजेस लगाने का सिलसिला भी पूरे समय चलता रहा। पोद्दार प्लाजा में विशेष काउंटर लगाकर ये बैजेस दिए गए।
गोल्डन बुक ऑफ रिकार्डस ने इस कीर्तिमान को विश्व में पहला मानते हुए इसे अपने रिकार्ड में दर्ज कर लिया। पोद्दार प्लाजा पहुंचने पर महाराजा अग्रसेन के साथ महालक्ष्मी, दुर्गा एवं सरस्वती के दरबार की 5142 दीपों से महाआरती की गई। देर रात तक पोद्दार प्लाजा में सामाजिक सम्मेलन का सिलसिला चलता रहा।


