- CBM India Launches Three-Year Initiative to Train 240 Grassroots Rehabilitation Workers
- Shakti Pumps Brings Made-in-India Solar and Pumping Solutions to the Global Stage at Big 5 Global 2026
- टाईरन ट्रैवल मार्केटिंग ने मल्टी-सिटी ट्रेड रोडशो के साथ पूरे भारत में रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल का विस्तार किया
- TIRUN Travel Marketing Takes Royal Caribbean International Across India With Multi-City Trade Roadshows
- रेज फाइनेंशियल सर्विसेज ने लॉन्च किया ट्रेडिंगचार्ट्स: भारतीय ट्रेडर्स और निवेशकों के लिए नए सिरे से तैयार एआई आधारित चार्टिंग प्लेटफॉर्म
गोपी थीम पर रंगारंग कार्यक्रम में झूमीं गहोई वैश्य महिला मंडल की महिलाएं
इंदौर। गहोई वैश्य महिला मंडल, इंदौर द्वारा सावन के पावन अवसर पर 18 अगस्त 2026 को होटल गुरुकृपा, साउथ तुकोगंज, इंदौर में “गोपी थीम” पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल की महिला सदस्यों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मंडल की अध्यक्ष श्रीमती संध्या गुप्ता ने बताया कि सावन के उल्लास और उमंग को खास बनाने के उद्देश्य से इस बार कार्यक्रम को गोपी थीम पर आयोजित किया गया। महिला सदस्य आकर्षक गोपी वेशभूषा में सज-धजकर कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे पूरा आयोजन कृष्णमय और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती जूही भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्हें इंदौर में ‘फर्स्ट लेडी ऑफ इंदौर’ के रूप में जाना जाता है। रेडियो पर ‘सुपर वुमन शो’ के माध्यम से उन्होंने महिलाओं के संघर्ष, प्रेरणादायी यात्राओं और उपलब्धियों को हजारों लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता एवं गौ सेवा जैसे सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। मंडल की ओर से उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नृत्य, संगीत, मनोरंजक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। गोपी के रूप में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। सभी सदस्यों ने आपसी मेलजोल, हंसी-खुशी और उत्साह के साथ सावन उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर श्रीमती शिखा खरया, जिन्हें हाल ही में “मिसेज इंडिया ग्लोबल 2026” का सम्मान प्राप्त हुआ है, का गहोई वैश्य महिला मंडल, इंदौर द्वारा सम्मान किया गया। उनकी इस उपलब्धि को गहोई समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए मंडल की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ संरक्षक श्रीमती बसंती खरया, श्रीमती किरण पहाड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती अर्चना नोगरैया, सचिव श्रीमती रत्ना चौदहा, श्रीमती संजरी चौदहा तथा कोषाध्यक्ष श्रीमती तृप्ति खरया सहित मंडल के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने विशेष भूमिका निभाई।
अध्यक्ष श्रीमती संध्या गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक मंच पर जोड़ना, आपसी सद्भाव एवं आत्मीयता बढ़ाना तथा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं महिला सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


