- BHIVE Unveils Its First-Ever Brand Film with Milind Soman, Turning Its Campus Workplace Vision into a Movement
- नेशनल अवॉर्ड विनर अंजलि पाटिल की ‘सेल्वी’ ने बुसान प्रीमियर से पहले जारी किया नया पोस्टर
- पूजा बत्रा, अदिति गोवित्रिकर और दीपक तिजोरी ने योगासन चैंपियनशिप में जमाया रंग, फिटनेस को लेकर दिया खास संदेश
- A Soulful Farewell to Bappa: Nirvaan Birla Presents His Rendition of ‘Jai Ganesha Deva’
- Krishna das joins amjad ali khan’s chants for unity for a powerful rendition of om mani padme hum
“उम्मीद – एक सुरक्षित कल की ओर” कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता एवं संवाद
बालिकाओं के मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक सशक्तिकरण के उद्देश्य से पुलिस थाना क्षिप्रा, जिला इंदौर (ग्रामीण) द्वारा “उम्मीद – एक सुरक्षित कल की ओर” कार्यक्रम का आयोजन थाना क्षेत्र स्थित झवर इंटरनेशनल स्कूल में किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक इंदौर (ग्रामीण) श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, उप पुलिस अधीक्षक श्री उमाकांत चौधरी एवं एसडीओपी साँवेर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, श्री धर्मेंद्र पंड्या (अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति), श्रीमती डॉली डिसूजा (मनोवैज्ञानिक काउंसलर), श्रीमती वानी झासीवाले (चाइल्ड काउंसलर), रचना जौहरी, अभिषेक (शिक्षाविद् एवं समाजसेवी) सहित अनुविभागीय अधिकारी साँवेर देवेंद्र सिंह धुर्वे एवं थाना प्रभारी गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की विशेषताएं एवं उद्देश्य:
· बालिकाओं के मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित करना
· बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करना
· काउंसलिंग के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान करना
· पुलिस एवं समाज के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत बनाना
· शिक्षा, कौशल विकास एवं पारिवारिक मुद्दों पर मार्गदर्शन देना
· सकारात्मक सोच एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना
· “हम आपके साथ हैं” का भरोसा दिलाना
विशेष पहल: पुलिस से परिचय
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा उपस्थित बालिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को उनके क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों (TI) से परिचित कराया गया।
इस पहल का उद्देश्य यह था कि छात्राएं अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को पहचान सकें, उनसे सीधे संवाद स्थापित कर सकें एवं किसी भी आवश्यकता या समस्या की स्थिति में बिना झिझक संपर्क कर सकें।
संवाद एवं काउंसलिंग सत्र
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं से व्यक्तिगत एवं समूह स्तर पर संवाद किया गया। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला पुलिस की उपस्थिति में सुरक्षित, संवेदनशील एवं गोपनीय वातावरण सुनिश्चित किया गया, जिससे बालिकाएं खुलकर अपनी बात रख सकें।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने अपने संबोधन में कहा:
“यह कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विश्वास का एक सेतु है। बालिकाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए ‘उम्मीद हेल्पलाइन नंबर 7701048800’ जारी किया गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में बालिकाएं एवं उनके परिजन इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इंदौर (ग्रामीण) पुलिस सदैव उनके साथ है।”
पूर्व आयोजित कार्यक्रम एवं सहभागिता
उल्लेखनीय है कि “उम्मीद” कार्यक्रम के अंतर्गत 23 मार्च को देपालपुर अनुभाग तथा 26 मार्च को महू अनुभाग के विभिन्न थानों में भी ऐसे ही जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
इन तीनों अनुभागों (सांवेर, देपालपुर एवं महू) में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 800 से अधिक बच्चों को लाभान्वित किया गया है।
इस संयुक्त पहल के माध्यम से इंदौर (ग्रामीण) पुलिस एवं बाल कल्याण समिति ने बालिकाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।


