- रैम्प योजना के अंतर्गत सीएफटीआरआई, मैसूर में MSMEs एवं स्टार्टअप्स की तकनीकी एक्सपोज़र विजिट सफलतापूर्वक संपन्न
- Technical Exposure Visit of MSMEs and Startups Successfully Concludes at CFTRI, Mysuru under RAMP Scheme
- Dhvani Bhanushali Receives Warm Appreciation from Gajraj Rao for Papa Hero Tum Mere Track from Her Album ‘Feels’, Singer Reacts
- ईडीआईआई और सीएसआईआर-सीडीआरआई, लखनऊ ने संयुक्त रूप से टेक्नोलॉजी शोकेस एंड एडॉप्शन वर्कशॉप का आयोजन किया
- Varun Dhawan Turns Host for the First Time for IIFA 2027
टीवी पर पहली बार साथ आए बॉलीवुड प्लेबैक के दिग्गज!
लिटिल चैंप्स का नया बैच जिनके लिए म्यूज़िक के लीजेंड्स कुमार सानू, उदित नारायण और अल्का याग्निक बन गए हैं मेंटर्स
मुंबई। पिछले सात सफल सीजंस से भारत के बेहतरीन यंग सिंगिंग टैलेंट के साथ रियलिटी टेलीविजन पर राज करने के बाद जी टीवी का पॉपुलर सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स एक नए रोमांचक सीजन 8 के साथ वापसी करने को तैयार है, जिसकी शुरुआत 29 फरवरी को रात 8 बजे से हो रही है।
हाल ही में इस फ्रेंचाइज़ी ने संगीत जगत को अनेक गायन प्रतिभाओं से रूबरू कराया, जिनमें सुगंधा दाते, श्रेयन भट्टाचार्य, अंजलि गायकवाड़, तान्या शर्मा, षणमुखप्रिया, सोनाक्षी कर और छोटे भगवान जयस कुमार शामिल हैं। ये सारे संगीत रत्न न सिर्फ अपने टैलेंट के दम पर रातों-रात घर-घर में जाने पहचाने नाम बन गए बल्कि उन्होंने उन लोगों की भी एक खास पहचान बनाई, जो उनके करीबी हैं…
जब उनके रिश्तेदारों को सुगंधा के पापा, अंजलि की मम्मा, जयस की दीदी, श्रेयन के भैया या सोनाक्षी की दादी कहकर बुलाया गया तो उनके चेहरों पर खुशी और गर्व साफ नजर आया, जो कि वाकई अनमोल है! सफलता की ऐसी ही सौगात लाया है सीजन 8 का मंत्र, जो लिटिल चैम्प से जुड़े हर शख्स का सीना गर्व से भर देता है। यह मंत्र है – बच्चे करेंगे ऐसा काम, उनसे होगा बड़ों का नाम।
ताजा सीजन के टैलेंटेड बच्चों को जिंदगी की अनमोल सीख देने और उनके हुनर में निखार लाने के लिए इस शो के निर्माताओं ने मेंटर्स के रूप में भारतीय म्यूज़िक इंडस्ट्री के लिविंग लीजेंड्स – पद्मश्री कुमार सानू, पद्मभूषण उदित नारायण और सदाबहार गायिका अल्का याग्निक को मेंटर्स के रूप में चुना है, जिन्हें संगीत में बेमिसाल महारत हासिल है, इंडस्ट्री में वर्षों का अनुभव है और साथ ही बच्चों को जज करने की नहीं बल्कि उनका हुनर संवारने और उन्हें मेंटर करने की काबिलियत है।
इन लोगों ने कुल मिलाकर 6 राष्ट्रीय पुरस्कार और 267 अन्य प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं! इनके सामूहिक योगदान में सभी भारतीय भाषाओं के 30,000 तक गाने हैं और वे अब भी पूरे दमखम से आगे बढ़ रहे हैं। किशोर दा, लता दीदी और आशा जी के बाद साल 1990 से चार्टबस्टर्स पर राज कर रही यह एकमात्र तिकड़ी इन लिटिल चैंप्स का मार्गदर्शन करेगी। इस सीजन में शानदार कॉमिक टाइमिंग, खिली-सी मुस्कान और खुद एक लिटिल चैम्प की शरारत लिए मनीष पॉल होस्ट के रूप में नजर आएंगे।
ज़ी टीवी की बिजनेस हेड अपर्णा भोसले ने कहा, ‘‘एक मंच के रूप में सारेगामापा लिटिल चैंप्स ‘आज लिखेंगे कल‘ की हमारी ब्रांड फिलॉसफी को सही मायनों में दर्शाता है क्योंकि यह हमारे देश के भविष्य को अपना हुनर संवारने और इस क्षेत्र में एक्स्पोजर पाने के लिए एक मंच देता है, जो संगीत में उनके लिए असाधारण करियर के द्वार खोलता है। हमारे इस सीजन का जादू हमारी अभूतपूर्व पेशकश में समाया है, जिसमें हम बॉलीवुड प्लेबैक की दुनिया की 3 जानी-मानी आवाजें – उदित नारायण, कुमार सानू और अल्का याग्निक को प्रस्तुत कर रहे हैं, जिनके गानों ने वक्त के इम्तेहान से गुजरते हुए आज के रीमिक्स के दौर में भी अपनी जगह बनाए रखी है। उनके विनम्र और आकर्षक व्यक्तित्व, आपसी तालमेल और होस्ट मनीष पॉल के साथ उनके समीकरण के साथ, हम इन बच्चों को सहज बनाने के लिए एक सही माहौल पैदा करना चाहते हैं। यह मंच उन्हें अपनी पूरी क्षमता दिखाने और अपनी कला में महारत हासिल करने का हौसला देता है, ताकि वो अपने साथ-साथ अपने परिवार का नाम भी रोशन कर सकें।‘‘
जहां लिटिल चैंप्स का नया सीजन 2020 में प्रसारित होने जा रहा है, वहीं यह वो साल है जब इसके पैरेंट फ्रेंचाइजी सारेगामापा ने देश का मनोरंजन करते हुए सफलतापूर्वक अपने 25 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर ज़ी टीवी ने मुंबई के बांद्रा कोर्ट में हुए एक कॉन्सर्ट में इस शो का उद्घाटन किया, जिसमें तीनों जजों ने लाइव परफॉर्म किया और होस्ट मनीष पॉल ने अपने चुटीले अंदाज और प्रभावी मंच प्रस्तुति के साथ दर्शकों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर नए सीजन के कुछ बच्चों ने मंच पर आकर सीजन के नए टैलेंट की झलक भी दिखाई।
करीब 12 साल बाद टेलीविजन पर वापसी कर रहे कुमार सानू ने कहा, ‘‘टेलीविजन पर वापसी के लिए मुझे सारेगामापा लिटिल चैंप्स जैसा शो ही चाहिए था। यहां छोटे बच्चों में गजब का हुनर है और मुझे खुशी है कि मुझे इन्हें मेंटर करने का अवसर मिला। बेस्ट सिंगिंग टैलेंट दिखाने की इस मंच की 25 साल की विरासत है। 90 के दशक की प्लेबैक ब्रिगेड के रूप में अल्का जी, उदित जी और मेरी एक साथ वापसी का आइडिया, मुझे तुरंत आकर्षित कर गया, क्योंकि हम तीनों के बीच बहुत अच्छा तालमेल रहा है। हमारे बहुत-से गानों के रीमिक्स इस समय खूब चल रहे हैं और इन्हें सुनने वाले भी काफी एंजॉय कर रहे हैं। ऐसे में इन दोनों के साथ मिलकर एक बार फिर 90 के दशक का जादू जगाते हुए देश के सबसे होनहार सिंगिंग टैलेंट को गाइड और मेंटर करना बेहद मजेदार रहेगा।‘‘

इस मंच के साथ अपना रिश्ता जारी रखते हुए अल्का याग्निक ने कहा, ‘‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स एक दशक से मेरे लिए एक खास सफर रहा है। मैं एक बार फिर इस आइकॉनिक सिंगिंग रियलिटी शो का हिस्सा बनकर काफी उत्साहित हूं। हम यहां बच्चों को जज करने के बजाय उनका हुनर संवारने आए हैं। इन बच्चों को घर-घर में जाने-पहचाने नाम बनकर अपने पैरेंट्स और चाहने वालों को गर्व महसूस कराते देखना हमारी खुशकिस्मती होगी। मैं इन बच्चों का हुनर निखारने में उनकी मदद करूंगी, ताकि वो किसी दिन इंडस्ट्री में प्रशिक्षित गायक बनकर अपने पांव जमा सकें। मैं अपने लंबे समय के दोस्तों उदित नारायण और कुमार सानू के साथ काम करने को लेकर भी उत्साहित हूं। मैं जानती हूं कि वे साथ मिलकर मुझे परेशान करने वाले हैं! मुझे इस शो के टीवी स्क्रीन्स पर आने का बेसब्री से इंतजार है!‘‘
उदित नारायण ने कहा, ‘‘ज़ी टीवी और खासतौर पर सारेगामापा का मंच मेरे लिए हमेशा से खास रहा है, क्योंकि इस शो ने संगीत जगत को कुछ बेहतरीन प्रतिभाएं देने के अलावा मेरे बेटे आदित्य को भी होस्ट के रूप में लॉन्च किया है। मैं सारेगामापा लिटिल चैंप्स के इस सीजन में जजों के पैनल का हिस्सा बनकर बेहद उत्साहित हूं। कुमार जी (सानू), अल्का जी और मैंने तीन दशकों से ज्यादा समय तक साथ काम किया है और दर्शकों को कुछ यादगार गाने दिए हैं। हमारे बीच काफी घनिष्ठता रही है और मुझे उम्मीद है कि इस बार दर्शक छोटे पर्दे पर हम तीनों को एक साथ देखना जरूर पसंद करेंगे। मुझे व्यक्तिगत तौर पर इस सीजन के नए टैलेंट से मिलने का इंतजार है क्योंकि मेरा मानना है कि हमारी नन्हीं पीढ़ी से सीखने के लिए बहुत कुछ है।‘‘
होस्ट मनीष पॉल ने कहा, ‘‘मैं ज़ी टीवी के साथ जुड़कर, खासतौर से इस शो को होस्ट करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं, जिसने देश के कोने-कोने से चुनकर भारत को कुछ सबसे बेहतरीन सिंगिंग सेंसेशंस दिए। इस सीजन में आगे मुझे इस साल के कंटेस्टेंट्स के साथ वक्त बिताने का इंतजार है। मैं व्यक्तिगत तौर पर इन प्रतिभाओं से प्रेरणा लेता हूं, जिन्होंने इतनी कम उम्र में इतना सबकुछ सीख लिया है। इसके अलावा यह सीजन बच्चों के लिए और स्पेशल रहेगा क्योंकि उन्हें बॉलीवुड के तीन सबसे बड़े सिंगिंग लीजेंड्स से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।‘‘
इस शो को एस्सेल विजन प्रोडक्शन्स लिमिटेड (ईवीपीएल) और द कॉन्टेंट टीम ने मिलकर बनाया है। इस शो के टैलेंट स्काउट्स बरेली से कोलकाता और चंडीगढ़ से अहमदाबाद तक पहुंचे हैं। इस साल बेस्ट 16 प्रतिभागियों को सामने लाने के लिए सारेगामापा लिटिल चैंप्स देश के सबसे टैलेंटेड बच्चों के ऑडिशन ले रहा है। कम उम्र में ही कड़े रियाज़ के जरिए हर राग को बारीकी से सीखने वाले क्लासिकल सिंगर्स से लेकर अपने सपने पूरे करने के लिए गलियों से निकले रैपर्स तक, ये सारे बच्चे सुपरस्टार्स से कम नहीं हैं!


