- रैम्प के अंतर्गत गारमेंट टेक्नोलॉजी एक्सपो बेंगलुरु में मध्यप्रदेश के 29 एमएसएमई होंगे शामिल
- आईओसीआई-सीएचएल हॉस्पिटल 114 में स्पेशल कार्डियक वर्कशॉप का आयोजन किया गया
- It’s melody, family and Prem all over again...Yeh Prem Mol Liya title track out now by Rajshri Productions and Himesh Reshammiya Melodies
- हार्ट मेले में 1000+ लोगों ने सीखा दिल बचाने का तरीका, विशेषज्ञों ने दी CPR की ट्रेनिंग
- छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को ‘यूनियन सृजन’ गृह पत्रिका के लिए प्रथम पुरस्कार
हार्ट मेले में 1000+ लोगों ने सीखा दिल बचाने का तरीका, विशेषज्ञों ने दी CPR की ट्रेनिंग
निःशुल्क स्वास्थ्य जांच में करीब 150 लोगों में सामने आया डिस्लिपिडेमिया, विशेषज्ञों ने दी CPR की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग
इंदौर, 20 सितंबर। विश्व हृदय दिवस से पूर्व कार्डियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ इंडिया (CSI), इंदौर शाखा द्वारा ग्रामीण हाट मेला परिसर में आयोजित ‘हार्ट मेला 2026’ में 1000 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागरिकों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई और शहर के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट एवं फिजिशियन से हृदय स्वास्थ्य, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
हार्ट मेले में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं HbA1c, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, यूरिन टेस्ट, NT-proBNP, बोन डेंसिटी और डायबिटिक आई चेकअप सहित कई जांचें निःशुल्क की गईं। जांच के दौरान करीब 150 लोगों में पहली बार डिस्लिपिडेमिया सामने आया। विशेषज्ञों ने उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और जीवनशैली में सुधार की सलाह दी।
CSI इंदौर के उपाध्यक्ष एवं सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राकेश जैन ने वायु प्रदूषण को हृदय स्वास्थ्य के लिए बढ़ती चुनौती बताते हुए कहा कि अस्वास्थ्यकर हवा के संपर्क में रहने से हृदय संबंधी जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने AQI और प्रदूषण को लेकर जागरूक रहने की जरूरत बताई।
CSI इंदौर अध्यक्ष एवं सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप गुप्ता ने कोलेस्ट्रॉल के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि कोलेस्ट्रॉल की ‘नॉर्मल’ सीमा हर व्यक्ति के लिए समान नहीं होती और यह व्यक्ति की हृदय संबंधी स्थिति एवं जोखिम कारकों पर निर्भर करती है।
CSI इंदौर के मानद सचिव एवं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पारितोष राजपूत ने युवाओं में धूम्रपान से बढ़ते हृदय जोखिम पर चिंता जताई। वहीं डॉ. ए.के. पंचोलिया ने बीमारी से बचाव के लिए छह ‘S’—Smoking, Sugar, Sleep, Salt, Saturated Fat और Sedentary Lifestyle—पर नियंत्रण रखने की बात कही।
डॉ. विद्युत जैन ने शराब के सेवन से ब्लड प्रेशर, हार्ट फेल्योर और हार्ट एरिदमिया के जोखिम की जानकारी दी। डॉ. जे.सी. गुप्ता ने स्वस्थ शरीर के लिए 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद को जरूरी बताया। डॉ. सुयश ताटेड ने एंजियोप्लास्टी और बायपास के बाद नियमित दवा, फॉलो-अप और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने पर जोर दिया। डॉ. प्रदीप मेहता ने संतुलित एवं स्वस्थ आहार के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए।
प्रोफेसर डॉ. प्रियंका जैन, सीनियर चाइल्ड स्पेशलिस्ट, ने बच्चों में बढ़ते मोटापे और हाई ब्लड प्रेशर पर चिंता जताते हुए नियमित व्यायाम, जंक फूड से दूरी और स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण CPR की ऑन-हैंड प्रैक्टिकल ट्रेनिंग रही, जिसमें आम नागरिकों को आपात स्थिति में CPR देने का सही तरीका बताया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में डॉ. बसंत लुनिया, डॉ. सौरभ कपाड़िया, डॉ. गौरव सिंह, डॉ. रेणु मेहता, डॉ. संजय के. जैन, डॉ. उल्हास महाजन, डॉ. त्रिशला चावड़ा और डॉ. रेणुका मेहता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अभिमन्यु निगम ने किया।
सामाजिक स्वास्थ्य सेवा और निःशुल्क जनजागरूकता के लिए CSI इंदौर को भारत विकास परिषद के अध्यक्ष संजय मेहता द्वारा सम्मानित भी किया गया।
CSI इंदौर शाखा ने कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


