नई दिल्ली में हुआ ‘एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ पुस्तक के द्वितीय संस्करण का विमोचन

इंदौर। एनीमिया के प्रति जनजागरूकता एवं उसके समग्र उपचार पर आधारित पुस्तक ‘एनीमिया के लिए होम्योपैथी’ के द्वितीय संस्करण का विमोचन नई दिल्ली में भारत सरकार के माननीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के सरकारी निवास पर आयोजित कार्यक्रम में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंदौर के सांसद माननीय श्री शंकर लालवानी ने की।

इस अवसर पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के कुलगुरु प्रो. राकेश सिंघई, कार्यपरिषद सदस्य प्रो. डॉ. सखाराम मुजाल्दा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

पुस्तक के लेखक प्रो. डॉ. अश्विनी कुमार द्विवेदी (डॉ. ए.के. द्विवेदी) ने बताया कि इस पुस्तक के प्रथम संस्करण का विमोचन लगभग दो वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से हुआ था। प्रथम संस्करण को पाठकों एवं चिकित्सकों का अत्यंत अच्छा प्रतिसाद मिला तथा उसकी सभी प्रतियाँ शीघ्र ही समाप्त हो गईं। लगातार मिल रही मांग को देखते हुए आवश्यक संशोधनों एवं नवीन जानकारियों के साथ इसका द्वितीय संस्करण प्रकाशित किया गया है, जो अब पाठकों के लिए आसानी से उपलब्ध रहेगा।

डॉ. द्विवेदी ने बताया कि पुस्तक में एनीमिया के लगभग सभी प्रमुख प्रकार, जैसे आयरन डेफिशिएंसी एनीमिया, विटामिन डेफिशिएंसी एनीमिया, अप्लास्टिक एनीमिया, सिकल सेल रोग तथा थैलेसीमिया का विस्तृत वर्णन किया गया है। इसके साथ ही इनके कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, भारतीय खानपान से संबंधित उपयोगी जानकारी तथा होम्योपैथिक उपचार का वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक विवरण भी सम्मिलित किया गया है।

पुस्तक में एनीमिया से स्वस्थ हुए मरीजों के अनुभवों के साथ-साथ डॉ. द्विवेदी द्वारा वर्षों से संचालित एनीमिया जागरूकता अभियान, निःशुल्क चिकित्सा शिविरों तथा समाजहित में किए गए विभिन्न जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों का भी विस्तृत उल्लेख किया गया है।

Leave a Comment