- Tamannaah Embraces the Spirit of Chhath Puja in The Vvaan’s Powerful ‘Chhathi Maiya’ Song Teaser
- Triptii Dimri: Balancing the Fine Art of Glamour & Exceptional Talent to Be Loved Across Generations
- द पार्क इंदौर के जनरल मैनेजर बने अमित भाटिया
- मेदांता इंदौर में लॉन्च हुआ AI-संचालित डेंटल स्क्रीनिंग रोबोट ‘स्कैनओ एअर’
- प्राइम पीआर को क्वालिटी मार्क अवॉर्ड्स 2026 में ‘बेस्ट पीआर एजेंसी’ का सम्मान मिला
इंदौर में होगा राज्य स्तरीय ‘लक्ष्य मंथन योगासन प्रतियोगिता’ का आयोजन
इंदौर। योग, स्वास्थ्य संवर्धन एवं सामाजिक चेतना के व्यापक प्रसार के उद्देश्य से योग आयोग, मध्य प्रदेश शासन के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में राज्य स्तरीय “लक्ष्य ‘मंथन’ योगासन प्रतियोगिता” का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन से जुड़ी विस्तृत कार्य योजना साझा करते हुए लक्ष्य पर्यावरण एवं वाटर सॉल्यूशन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद नन्दवाल ने बताया कि संस्था पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सामाजिक जनजागरूकता के साथ-साथ स्वस्थ व तनावमुक्त जीवनशैली के निर्माण के लिए सतत प्रयासरत है। इसी कड़ी में प्रदेश की उभरती युवा प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने तथा योगासन खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ इस व्यापक प्रतियोगिता की रूपरेखा तैयार की गई है।
डॉ. नन्दवाल ने प्रतियोगिता की संरचना के बारे में बताया कि इस आयोजन को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। प्रारंभिक दौर के तहत प्रथम एवं द्वितीय क्वालिफाइंग चरण 30 अगस्त तथा 06 सितंबर को सेंट अर्नोल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, स्कीम नं. 74, विजय नगर, इंदौर में आयोजित होंगे। दोनों चरणों से चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागी 12 सितंबर को बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, इंदौर में आयोजित होने वाले फाइनल राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का स्वरूप समावेशी रखा गया है, जिसमें मध्य प्रदेश के विभिन्न विधालयो, योग महाविद्यालयों, मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण केंद्रों, योग संस्थानों के साथ-साथ स्वतंत्र योग साधक भी सहभागिता कर सकेंगे।
प्रतियोगिता को आयु और दक्षता के आधार पर सुव्यवस्थित ढंग से दो प्रमुख आयु वर्गों—8 से 14 वर्ष तथा 14 से 20 वर्ष (बालक एवं बालिका वर्ग पृथक-पृथक)—में बांटा गया है। इसके अंतर्गत दो मुख्य श्रेणियां रखी गई हैं। व्यक्तिगत योग प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुरूप कई निरधारित कठिन आसन व तय पाठ्यक्रम मे से चयनित कठिन आसनों का प्रदर्शन करना अनिवार्य होगा। वहीं एक अन्य प्रतियोगिता मे दो प्रतिभागियों को तय नियमों और सामूहिक तालमेल के साथ अपनी प्रस्तुति देना होगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागी व्यक्तिगत रूप से तथा दो प्रतिभागियों की जोड़ी बनाकर संगीत की धुन के साथ योगासन का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही 20 वर्ष से अधिक आयु के साधको के लिए भी 2 प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। यह प्रारूप प्रतिभागियों में व्यक्तिगत अनुशासन के साथ-साथ टीम भावना को भी प्रोत्साहित करेगा।
आयोजन की निष्पक्षता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय स्तर की योग निर्णायक परीक्षा उत्तीर्ण एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्णयन का अनुभव रखने वाले विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी तरह वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों पर आधारित होगी, जिसमें आसनों की शुद्धता, शारीरिक संतुलन, लचीलापन, तकनीक, प्रस्तुति शैली एवं निर्धारित योग नियमों की सटीकता को परखा जाएगा। डॉ. नन्दवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरा आयोजन खेल नियमों, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए संपन्न कराया जाएगा, ताकि यह राज्य के योग परिदृश्य में एक मील का पत्थर साबित हो सके।
आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्यों डॉ. हेमंत शर्मा, श्री अनिल अग्रवाल, सुश्री रौनक सोनी, श्री प्रेम दुआ, श्री मनोज वर्मा एवं श्री चंद्रशेखर तिवारी आदि ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों, योग संस्थानों एवं योगप्रेमियों से अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।


