- आरंभ गरबा महोत्सव 2026: इंदौर की सांस्कृतिक धरोहरों का भव्य उत्सव
- Hindi Zee 5 Unveils Trailer of Jio Studios, Fresh Lime Films and MA+TH Entertainment Networks’ Sumo Didi, A powerful story of grit, resilience, and breaking Stereotypes!
- Bollywood Actors Show Ways to Paint the Town Red this Navratri
- Karan D Kapadia Delves into the Mind of Hunkkaar: The Roar: The show acts as a small catalyst for change
- अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह की ‘समुक’ ने यूके में पूरा किया शूटिंग शेड्यूल, अब मुंबई में होगा आखिरी पड़ाव
जिस खाने पर करते हैं भरोसा, उसकी सच्चाई से उठेगा पर्दा, ‘द इंडिया स्टोरी’ 18 सितंबर को जियोहॉटस्टार पर होगी रिलीज
मुंबई: खाने की सुरक्षा, मिलावट और स्वच्छता से जुड़े सवाल आज आम लोगों की जिंदगी का हिस्सा बनते जा रहे हैं। ऐसे ही एक गंभीर और प्रासंगिक मुद्दे को सामने लाती है फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद यह सोशल ड्रामा फिल्म अब 18 सितंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर एक्सक्लूसिव प्रीमियर के लिए तैयार है।
चेत्तन डीके के निर्देशन और सागर बी. शिंदे की कहानी पर बनी इस फिल्म में श्रेयस तलपड़े और काजल अग्रवाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में मुरली शर्मा, मनीष वाधवा, त्रिशा सरदा समेत कई कलाकार अहम किरदारों में हैं।
फिल्म की कहानी मेजर योगेश पाटिल (श्रेयस तलपड़े) के इर्द-गिर्द घूमती है। योगेश पूर्व आर्मी अधिकारी है, जिसकी सात साल की बेटी परी (त्रिशा सरदा) की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो जाती है। बेटी की मौत के बाद योगेश उसके पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश शुरू करता है। इसी तलाश के दौरान उसका सामना खाने में मिलावट, दूषित खाद्य पदार्थों, कीटनाशकों के गलत इस्तेमाल और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियों से होता है।
बेटी की मौत का जवाब तलाशते-तलाशते योगेश की लड़ाई सिर्फ एक पिता की निजी लड़ाई नहीं रह जाती, बल्कि जवाबदेही और न्याय की बड़ी लड़ाई बन जाती है। काजल अग्रवाल फिल्म में उस वकील की भूमिका निभा रही हैं, जो योगेश का केस अपने हाथ में लेती हैं। कहानी आगे बढ़ते हुए एक अहम सवाल खड़ा करती है—हम जो खाना खा रहे हैं, वह आखिर कितना सुरक्षित है और अगर उसकी सुरक्षा से समझौता हो जाए तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
‘द इंडिया स्टोरी’ में खाने की मिलावट, स्वच्छता और उपभोक्ता सुरक्षा जैसे मुद्दों को एक परिवार की कहानी के जरिए सामने रखा गया है। फिल्म एक पिता की अपनी बेटी के लिए न्याय पाने की कोशिश को आधार बनाकर उस समस्या की ओर ध्यान खींचती है, जिसका असर हर परिवार पर पड़ सकता है।
फिल्म को लेकर श्रेयस तलपड़े ने कहा, “यह प्रोजेक्ट मेरे लिए इसलिए खास रहा क्योंकि इसके केंद्र में एक माता-पिता का अपने बच्चे को खोने का सबसे बड़ा डर और उसकी वजह न जान पाने का दर्द है। मुझे यह बात बहुत प्रभावित करती है कि रोजमर्रा में खाए जाने वाले खाने के इतने गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ‘द इंडिया स्टोरी’ कुछ असहज लेकिन जरूरी सवाल उठाती है और मुझे लगता है कि ऐसी कहानियों को देखा और उन पर चर्चा की जानी चाहिए।”
वहीं काजल अग्रवाल ने कहा, “‘द इंडिया स्टोरी’ की खास बात यह है कि यह ऐसे मुद्दे को व्यक्तिगत बना देती है, जिसके बारे में हम अक्सर सुनते रहते हैं। हम सभी तय करते हैं कि क्या खाना है और अपने बच्चों को क्या खिलाना है, लेकिन यह हमेशा नहीं जानते कि खाना हमारी प्लेट तक पहुंचने से पहले किन प्रक्रियाओं से गुजरता है। फिल्म एक परिवार की न्याय की लड़ाई है, लेकिन साथ ही यह हमें उस चीज के बारे में सोचने पर मजबूर करती है, जिसका संबंध हम सभी से है।”
‘द इंडिया स्टोरी’ का एक्सक्लूसिव प्रीमियर 18 सितंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा।


