- 5 Most-Anticipated Characters to Look Forward To - Abhishek Banerjee’s Compounder in Mirzapur: The Movie to Kunal Kapoor’s Indra Dev in Ramayana
- Tia Bajpai Calls for Compassion and Dialogue; Says, “I Don’t Stand With Any Political Side. I Stand With Humanity.”
- 74 प्रतिशत छात्र तनाव में: नए डिजिटल टूल से समय रहते मिलेगी मदद
- Danish Pandor, Aahana Kumra, Kirti Kulhari & Other Celebrities Add Star Power to the Premiere of Award-winning Max, Min & Meowzaki Alongside Samiksha Oswal, Medha Shankr, Nafisa Ali, Nasser & More
- देशभर में छात्र प्रदर्शनों के बीच, शीना चौहान का संदेश: "अपने अधिकार जानिए। उनके लिए आवाज़ उठाइए।"
काशीबाई बाजीराव बल्लाळ के वेंकटेश पांडे ने कहा, ‘‘मैंने बाजीराव के किरदार के लिए तलवारबाज़ी, लाठी-काठी जैसी कुछ कलाएं सीखीं‘‘
गत 15 नवंबर को शुरू हुआ काशीबाई बाजीराव बल्लाळ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो एक कुशल शासक और एक नेकदिल नेता थीं, जिन्होंने उस वक्त बड़ी जिम्मेदारी के साथ मराठा साम्राज्य को संभाला और अपने लोगों की भलाई के प्रति समर्पित रहीं, जब उनके पति महान योद्धा बाजीराव अपना साम्राज्य फैलाने के लिए युद्ध पर जाते थे। इस शो में बाजीराव बल्लाळ का रोल निभा रहे वेंकटेश पांडे ने बताया कि इस मराठा योद्धा का किरदार निभाने के लिए उन्होंने किस तरह की तैयारियां कीं। यह प्रमुख किरदार के रूप में वेंकटेश का डेब्यू शो है और इससे पहले वे ज़ी टीवी के शो डीआईडी लिटिल मास्टर्स का हिस्सा भी रह चुके हैं।
इस शो में अपने किरदार के बारे में बताएं?
मैं बाजीराव बल्लाळ का रोल निभा रहा हूं, जो एक बाल प्रतिभा और सबसे बड़े मराठा योद्धाओं में से एक थे, जिन्होंने एक शक्तिशाली साम्राज्य का नेतृत्व किया। यह शो उनके प्रभावशाली युद्ध कौशल की कहानियों से सभी का मनोरंजन करने के अलावा पूरी वीरता, साहस और देशभक्ति के साथ बाजीराव के व्यक्तित्व को उजागर करेगा। मैं इस तरह का दमदार किरदार निभाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। जहां मैंने काशीबाई और बाजीराव के बारे में काफी कुछ सुना और पढ़ा है, वहीं इस शो के जरिए मैंने बहुत कुछ सीखा भी है। मुझे यकीन है कि इतना दमदार किरदार देखना हमारे सभी दर्शकों के लिए एक प्रेरणा होगी।
आपने इस रोल को निभाने के लिए किसी तरह की रिसर्च या खास तैयारी की?
जी हां, यकीनन मैंने बहुत तैयारी की। शूटिंग शुरू करने से पहले मैंने इस शो के लिए प्रशिक्षण लिया था। अपने रोल के लिए मुझे अपना वजन बढ़ाना था और इसलिए मैंने वर्कआउट शुरू कर दिया था। मैंने तलवारबाज़ी और लाठी-काठी जैसी कुछ कलाएं भी सीखीं, जो बाजीराव के किरदार के लिए जरूरी थीं। मैंने अलग-अलग हथियार चलाना भी सीखा, क्योंकि मुझे इस शो में एक्शन सीक्वेंस भी परफॉर्म करना था। मैंने घुड़सवारी भी सीखी, जो मेरा अब तक का सबसे यादगार अनुभव रहा है! मुझे फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी‘ बहुत पसंद है, इसलिए मैंने दोबारा यह फिल्म देखी और इसमें रणवीर सिंह द्वारा निभाए गए बाजीराव के किरदार पर गौर किया। मैंने बस उन्हें देखकर ही काफी कुछ सीख लिया था।
डीआईडी लिटिल मास्टर्स का कंटेस्टेंट बनने से लेकर बाजीराव की भूमिका निभाने तक का आपका सफर कैसा रहा?
बचपन से ही मुझे डांसिंग और एक्टिंग का बेहद शौक रहा है। मैं डीआईडी लिटिल मास्टर्स का हिस्सा बना और मैं ज़ी टीवी का शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे यह मौका दिया। इसने वाकई मेरी जिंदगी बदल दी थी और इसके बाद मुझे कई मौके मिले। जहां मैंने मंच पर डांस जारी रखा, वहीं मैं एक्टिंग में भी दिलचस्पी रखता था और मैंने ऑडिशंस देना शुरू किया। बाजीराव के किरदार के लिए मैंने कुछ लुक टेस्ट्स दिए और जब मुझे पता चला कि मैं लीड रोल निभाने वाला हूं तो मुझे बहुत खुशी हुई।
आप अपनी पढ़ाई और शूटिंग के बीच किस तरह संतुलन बनाते हैं?
मेरे स्कूल के अधिकारियों ने मुझे बहुत सहयोग दिया। महामारी के चलते हमारी क्लासेस ऑनलाइन हो रही हैं, तो मैं अपने प्रमुख सब्जेक्ट्स मिस नहीं करता हूं। मैं सुबह अपनी ऑनलाइन क्लास करता हूं और दिन के बाकी समय अपनी शूटिंग करता हूं।
आप सेट पर किस तरह आते-जाते हैं? क्या आप कर्जत में रह रहे हैं, जहां इस शो की शूटिंग चल रही है?
इस समय हम अपने पूरे क्रू के साथ कर्जत में रह रहे हैं और वहां के खूबसूरत एनडी स्टूडियो में शूटिंग कर रहे हैं, जहां ऐसा लगता है जैसे हमने इतिहास की किताब खोल ली हो और उसी दौर में आ गए हैं।
इस समय आप लोग कोविड-19 से किस तरह अपनी सुरक्षा कर रहे हैं?
पूरे क्रू सदस्यों को वैक्सीन लग चुकी हैं और हम एक बायो-बबल में शूटिंग कर रहे हैं, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को कम से कम आने दिया जा रहा है। हम खुद को सैनिटाइज़ रख रहे हैं और जब हम शूटिंग नहीं कर रहे होते हैं, तो हमेशा मास्क पहने रहते हैं।


