इंडियन बैंक को लगातार तीसरे वर्ष राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया

वर्ष 2025–26 के लिए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त

चेन्नई, 16 सितंबर 2026: इंडियन बैंक को वर्ष 2025–26 के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार के अंतर्गत द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बैंक को बैंकिंग परिचालन में हिंदी के प्रयोग एवं प्रोत्साहन के प्रयासों के लिए लगातार तीसरे वर्ष यह सम्मान प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार हिंदी दिवस समारोह के दौरान नवी मुंबई स्थित सिडको प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में प्रदान किया गया.

इंडियन बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री शिव बजरंग सिंह ने माननीय गृह राज्य मंत्री श्री बंदी संजय कुमार एवं श्री नित्यानंद राय से यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग की सचिव, सुश्री अंसुली आर्या भी उपस्थित थीं। सम्मेलन के दौरान इंडियन बैंक द्वारा प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘मैं दिल्ली हूँ’ का भी विमोचन किया गया.

नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक/वित्तीय संस्थान), चेन्नई के संयोजक के रूप में इंडियन बैंक को सर्वश्रेष्ठ श्रेणी का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। यह सम्मान इंडियन बैंक की मुख्य महाप्रबंधक, सुश्री वी. एन. माया, तथा सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) एवं समिति के सदस्य-सचिव, श्री राजेश कुमार सिंह ने प्राप्त किया.

मुंबई के क्षेत्र महाप्रबंधक श्री प्रणेश कुमार सहित बैंक के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया. ये सम्मान इंडियन बैंक की भाषा-समावेशी बैंकिंग और ग्राहक-केंद्रित सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं तथा “ग्राहक की भाषा में ग्राहक सेवा” प्रदान करने के बैंक के संकल्प को और मजबूत करते हैं.

Leave a Comment