कॉम्प्लेक्स हार्ट ब्लॉकेज के इलाज में नई तकनीक, बिना स्टेंट डाले भी संभव एंजियोप्लास्टी

शैल्बी हॉस्पिटल्स के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के डायरेक्टर डॉ. सिद्धांत जैन ने बताया स्टेंटलेस एंजियोप्लास्टी और एकॉस्टिक वेव तकनीक का महत्व, कॉम्प्लेक्स ब्लॉकेज के इलाज में मिल रहे बेहतर विकल्प

इंदौर, 17 नवंबर 2026। बदलती जीवनशैली, डायबिटीज और बढ़ती उम्र के कारण हृदय की धमनियों में कैल्शियम जमने और कॉम्प्लेक्स ब्लॉकेज की समस्या तेजी से सामने आ रही है। ऐसे मरीजों के इलाज में अब आधुनिक तकनीकें नई संभावनाएं खोल रही हैं। इनमें ड्रग कोटेड बैलून (डीसीबी) के माध्यम से बिना स्थायी स्टेंट लगाए एंजियोप्लास्टी और एकॉस्टिक वेव यानी ध्वनि तरंगों की मदद से धमनियों में जमा कठोर कैल्शियम को तोड़ने की तकनीक प्रमुख हैं। शैल्बी मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स इंदौर में कार्डियोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. सिद्धांत जैन ने इन आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए बताया कि इनके जरिए कॉम्प्लेक्स हार्ट ब्लॉकेज के कई मामलों में बिना ओपन हार्ट सर्जरी के उपचार संभव हो रहा है।

इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले डॉ. जैन मध्य भारत में कॉम्प्लेक्स हार्ट डिसीज के आधुनिक और न्यूनतम चीरा लगाकर किए जाने वाले उपचार को आगे बढ़ाने में सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने शैल्बी हॉस्पिटल्स इंदौर में कॉम्प्लेक्स कोरोनरी इंटरवेंशन पर मास्टरक्लास एवं हैंड्स-ऑन वर्कशॉप का नेतृत्व किया। इसमें मध्य भारत के कार्डियोलॉजिस्ट ने लाइव कैथ लैब सेशंस के माध्यम से आधुनिक उपचार तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण लिया। वर्कशॉप में इंट्रावैस्कुलर लिथोट्रिप्सी (आईवीएल), रोटेशनल एथेरेक्टॉमी यानी रोटाब्लेशन, इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड (आईवीयूएस) और ड्रग कोटेड बैलून (डीसीबी) जैसी तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया गया।

बिना स्थायी स्टेंट के एंजियोप्लास्टी की सुविधा

डॉ. जैन ने बताया कि सामान्य एंजियोप्लास्टी में ब्लॉकेज को खोलने के लिए धमनियों के भीतर धातु का स्थायी स्टेंट लगाया जाता है। हालांकि कुछ मरीजों में लंबे समय बाद स्टेंट के भीतर दोबारा ब्लॉकेज होने यानी इन-स्टेंट रेस्टेनोसिस की आशंका रहती है। छोटी और शाखाओं वाली धमनियों में भी स्थायी स्टेंट लगाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसके अलावा स्टेंट लगाने के बाद मरीज को लंबे समय तक दो तरह की एंटीप्लेटलेट दवाएं लेनी पड़ सकती हैं। ऐसे चुनिंदा मामलों में ड्रग कोटेड बैलून तकनीक एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है। इसे ‘लीव नथिंग बिहाइंड’ यानी उपचार के बाद शरीर में कोई स्थायी उपकरण नहीं छोड़ने की अवधारणा पर आधारित माना जाता है।

इस तकनीक में सबसे पहले आधुनिक इंट्रावैस्कुलर इमेजिंग की मदद से धमनी की स्थिति का बारीकी से आकलन कर उसे उपचार के लिए तैयार किया जाता है। इसके बाद विशेष दवा से लेपित बैलून को ब्लॉकेज वाली जगह पर पहुंचाया जाता है। यह बैलून लगभग 60 सेकंड तक धमनी की दीवार में ऐसी दवा पहुंचाता है, जो कोशिकाओं की अनावश्यक वृद्धि को रोकने में मदद करती है। इसके बाद बैलून को पूरी तरह बाहर निकाल लिया जाता है। इस प्रक्रिया में स्थायी धातु का स्टेंट नहीं छोड़ा जाता और धमनी की प्राकृतिक लचक एवं संरचना को बनाए रखने में मदद मिलती है। हालांकि यह तकनीक मरीज की धमनियों की स्थिति और चिकित्सकीय जांच के आधार पर उपयुक्त मामलों में ही इस्तेमाल की जाती है।

हार्ड कैल्शियम को तोड़कर खोली जा सकती हैं धमनियां

डॉ. जैन के अनुसार बुजुर्गों, डायबिटीज और क्रॉनिक किडनी डिजीज से पीड़ित मरीजों की हृदय धमनियों में कई बार पत्थर जैसी कठोर कैल्शियम की परत जम जाती है। ऐसी स्थिति में सामान्य बैलून एंजियोप्लास्टी से धमनी को खोलना मुश्किल हो जाता है। कई बार इन मरीजों को बायपास सर्जरी की सलाह भी दी जाती है। हालांकि आधुनिक कैल्शियम मॉड्यूलेशन तकनीकों की मदद से अब ऐसे कॉम्प्लेक्स मामलों में भी कैथेटर आधारित उपचार के विकल्प उपलब्ध हैं। शैल्बी हॉस्पिटल्स में इन मामलों का मूल्यांकन कर मरीज की स्थिति के अनुसार कलाई के रास्ते यानी ट्रांसरेडियल तकनीक से उपचार किया जाता है।

इनमें इंट्रावैस्कुलर लिथोट्रिप्सी (आईवीएल) एक महत्वपूर्ण तकनीक है। इसमें ध्वनि तरंगों से उत्पन्न नियंत्रित दबाव तरंगों का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी कार्यप्रणाली किडनी की पथरी तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली लिथोट्रिप्सी तकनीक के समान है। ये तरंगें धमनी की दीवार में जमा गहरे और कठोर कैल्शियम को तोड़ने में मदद करती हैं, जिससे धमनी को फैलाना आसान हो जाता है। इस प्रक्रिया में आसपास के नरम ऊतकों को नुकसान पहुंचाए बिना कैल्शियम को मॉडिफाई करने का प्रयास किया जाता है।

दूसरी तकनीक रोटेशनल एथेरेक्टॉमी यानी रोटाब्लेशन है। इसमें हीरे की परत चढ़े विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया जाता है, जो लगभग 1.60 लाख चक्कर प्रति मिनट की गति से घूमता है। यह उपकरण धमनी की सतह पर जमे कठोर कैल्शियम को हटाने और ब्लॉकेज को उपचार के लिए तैयार करने में मदद करता है। अत्यधिक कैल्शियम वाले कॉम्प्लेक्स मामलों में रोटाब्लेशन और आईवीएल दोनों तकनीकों का इस्तेमाल एक ही प्रक्रिया के दौरान भी किया जा सकता है। वहीं, इंट्रावैस्कुलर अल्ट्रासाउंड (आईवीयूएस) के माध्यम से धमनी के अंदर की हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें प्राप्त होती हैं। इससे कैल्शियम की मात्रा, ब्लॉकेज की स्थिति और धमनी की संरचना का सटीक आकलन कर उपचार की दिशा तय करने में मदद मिलती है।

युवा मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण है स्टेंटलेस तकनीक

डॉ. सिद्धांत जैन ने कहा, “इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी में पिछले दो दशकों से हमारा प्रयास रहा है कि मध्य भारत के मरीजों को सुरक्षित, टिकाऊ और वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित हृदय उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा जहां संभव हो, अनावश्यक सर्जरी से बचा जा सके। पहले जिन मरीजों की धमनियों में अत्यधिक कैल्शियम जमा होता था, उनके लिए बिना सर्जरी उपचार के विकल्प सीमित थे। वहीं कम उम्र के मरीजों को धमनियों में लंबे हिस्से तक स्थायी मेटल स्टेंट के साथ जीवन बिताना पड़ता था। अब इंट्रावैस्कुलर इमेजिंग, रोटाब्लेशन, एकॉस्टिक वेव आधारित आईवीएल और ड्रग कोटेड बैलून जैसी तकनीकों को उपयुक्त मरीजों में एक साथ इस्तेमाल कर कॉम्प्लेक्स ब्लॉकेज का इलाज कलाई के रास्ते किया जा सकता है। इससे धमनी की प्राकृतिक संरचना को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। विशेष रूप से 30 से 40 वर्ष की उम्र के युवा हृदय रोगियों और अधिक जोखिम वाले डायबिटीज मरीजों के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्रगति है।”

कॉम्प्लेक्स हार्ट ट्रीटमेंट और ट्रेनिंग को मिल रहा बढ़ावा

शैल्बी हॉस्पिटल्स इंदौर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि डॉ. सिद्धांत जैन के नेतृत्व में अस्पताल का कार्डियोलॉजी विभाग कॉम्प्लेक्स इंटरवेंशनल उपचार के साथ-साथ चिकित्सा प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी लगातार आगे बढ़ रहा है। लाइव कैथ लैब वर्कशॉप के माध्यम से अन्य कार्डियोलॉजिस्ट को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना इस बात का प्रमाण है कि अस्पताल मध्य भारत में चिकित्सा विशेषज्ञता साझा करने और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, शैल्बी हॉस्पिटल्स इंदौर के सीएओ अभिषेक चौरसिया ने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि डॉ. सिद्धांत जैन जैसे अनुभवी विशेषज्ञों को आधुनिक कैथ लैब इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों से लैस किया जाए, ताकि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने ही शहर में समकालीन और उन्नत हृदय उपचार की सुविधा मिल सके।

Leave a Comment