- Kumar Sanu surprises contestant Durgesh; says, “I will send a TV to your home so that your mother and father can watch you on Sa Re Ga Ma Pa”
- ‘सा रे गा मा पा’ के कंटेस्टेंट दुर्गेश यादव के लिए कुमार सानू का खास तोहफा, बोले, “आज ही आपके घर टीवी भिजवाऊंगा, ताकि आपके माता पिता आपको शो में देख सकें”
- यूनिक हॉस्पिटल में दिव्यांग बच्चों के लिए 30 बेड के निःशुल्क विशिष्ट सेवा वार्ड का लोकार्पण
- Kunal Kapoor Offers a Glimpse into His World as Lord Indra in Ramayana, Calls It a Magnum Opus: “So Much Goes into Creating Something of This Scale”
- राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस: शुरुआती पहचान और समय पर उपचार से बढ़ सकती हैं स्वस्थ जीवन की संभावनाएं
‘‘काशीबाई बाजीराव बल्लाळ में अपने रोल के लिए मैंने मराठी और संस्कृत सीखी”: आरोही पटेल
गत 15 नवंबर को शुरू हुआ काशीबाई बाजीराव बल्लाळ एक ऐसी महिला की कहानी है, जो एक कुशल शासक और एक नेकदिल नेता थीं, जिन्होंने उस वक्त बड़ी जिम्मेदारी के साथ मराठा साम्राज्य को संभाला और अपने लोगों की भलाई के प्रति समर्पित रहीं, जब उनके पति महान योद्धा बाजीराव अपना साम्राज्य फैलाने के लिए युद्ध पर जाते थे।
इसके अलावा यह शो काशीबाई के बचपन के बारे में भी विस्तार से दर्शाता है कि कैसे लाड़-प्यार में पली ये नन्हीं बच्ची आगे चलकर पेश्विनबाई बन गईं। नवोदित एक्ट्रेस आरोही पटेल इस शो में काशीबाई बाजीराव बल्लाळ का रोल निभा रही हैं। उन्होंने हाल ही में इस प्रसिद्ध मराठा किरदार को निभाने के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में खुलकर बताया।
इस शो में अपने किरदार के बारे में बताएं?
मैं इसमें काशीबाई के बचपन का रोल निभा रही हूं जो एक अमीर साहूकार महाड़ जी जोशी की बेटी हैं। वो अपने माता-पिता के साथ एक सीधी-सादी जिंदगी गुजारना चाहती है और उसे दुनिया पर राज करने की कोई चाहत नहीं है। वो एक सीधी-सादी लड़की है, जो अपने आसपास के लोगों की मदद करती है। भले ही वो लाड़-दुलार में पली है, लेकिन उसका दिमाग बहुत तेज है। वो अपनी हर स्थिति में अपने माता-पिता से मिली सीख का इस्तेमाल करती है। जहां मैंने काशीबाई के बारे में बहुत कुछ सुना और पढ़ा है, वहीं इस शो के जरिए मैंने और भी बहुत-सी बातें सीखीं। मुझे यकीन है कि ऐसा दमदार किरदार देखना दर्शकों के लिए भी एक प्रेरणा साबित होगा।
क्या आप असल जिंदगी में भी इस किरदार से जुड़ती हैं?
काशीबाई की परवरिश बड़े लाड़-प्यार में हुई थी। इस शो के जरिए मैं काशीबाई के बारे में बहुत कुछ सीख रही हूं। मैं काशीबाई से वाकई बहुत प्रेरित हूं और मुझे उम्मीद है कि किसी दिन मैं भी उनकी तरह नेकदिल और मजबूत बनूंगी।
आप इस शो में कैसे आईं?
मैंने इस रोल के लिए ऑडिशन दिया था और मुझे लगा था कि मैं इसमें सफल नहीं हो पाई… लेकिन उन्होंने कुछ समय बाद मुझे कॉल किया और फिर हमने तीन-चार लुक टेस्ट्स किए। इस तरह मुझे चुन लिया गया।
आप इस रोल की तैयारी किस तरह कर रही हैं?
इस शो की क्रिएटिव टीम मेरे साथ काफी वक्त गुजारती है और मुझे मराठा साम्राज्य और काशीबाई की यात्रा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पक्षों के बारे में बताती है। मैंने यंग काशीबाई के किरदार को समझा है। वो भी उसी तरह लाड़-दुलार में पली थीं, जिस तरह अभी मैं अपने बचपन में हूं। स्टाइलिंग टीम ने बिना मेकअप के मुझे काशी के किरदार जैसा दिखाने के लिए काफी मेहनत की है। हर रोज शूटिंग शुरू करने से पहले मैं डायरेक्टर और पूरी टीम के साथ बैठकर इस किरदार के हाव-भाव और तौर-तरीके समझती हूं, ताकि मेरी परफॉर्मेंस रियल और नैचुरल नजर आए। मैंने काशीबाई के रोल के लिए मराठी और संस्कृत भी सीखी और मुझे उनकी संस्कृति के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानने को मिला।
आप अपनी पढ़ाई और शूटिंग के बीच किस तरह संतुलन बनाती हैं?
मेरे स्कूल के अधिकारियों ने मुझे बहुत सहयोग दिया। महामारी के चलते हमारी क्लासेस ऑनलाइन हो रही हैं, तो मैं अपने प्रमुख सब्जेक्ट्स मिस नहीं करती हूं। मैं सुबह अपनी ऑनलाइन क्लास करती हूं और दिन के बाकी समय अपनी शूटिंग करती हूं।
आप सेट पर कैसे आती-जाती हैं? क्या आप कर्जत में रह रही हैं, जहां इस शो की शूटिंग चल रही है?
इस समय हम अपने पूरे क्रू के साथ कर्जत में रह रहे हैं और वहां के खूबसूरत एनडी स्टूडियो में शूटिंग कर रहे हैं, जहां ऐसा लगता है जैसे हमने इतिहास की किताब खोल ली हो और उसी दौर में आ गए हैं।
इस समय आप लोग कोविड-19 से किस तरह अपनी सुरक्षा कर रहे हैं?
पूरे क्रू सदस्यों को वैक्सीन लग चुकी हैं और हम एक बायो-बबल में शूटिंग कर रहे हैं, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को कम से कम आने दिया जा रहा है। हम खुद को सैनिटाइज़ रख रहे हैं और जब हम शूटिंग नहीं कर रहे होते हैं, तो हमेशा मास्क पहने रहते हैं।
क्या इस शो में काम करने से पहले आप काशीबाई के बारे में जानती थीं?
हां मैंने फिल्म बाजीराव मस्तानी देखी थी और मुझे इस फिल्म में काशी के रूप में प्रियंका चोपड़ा की परफॉर्मेंस बहुत पसंद आई थी। ऐसे में जब मुझे यह पता चला कि मैं यह रोल निभाने जा रही हूं तो मैं बहुत खुश थी।


