- Birla Studios announces June 18th as the theatrical release date of Kartik Aaryan starrer Ladaku, directed by Kabir Khan!
- Sanaraees Khan Shares Inside Pictures from Raveena Tandon’s Star-Studded Birthday Bash
- Dr. Acharya Vinod Kumar Ojha Highlights the Astrological and Spiritual Significance of Diwali 2026
- Netflix Pe Pitega Titu Mama Ka ‘Dhindora’: India’s First and Biggest Digital Creator Bhuvan Bam Brings Cult Favourite Back for Season 2 on November 20
- Kamyaabi Ki Kahaani, Hassi Ki Zubani: Zakir Khan, Pankaj Tripathi and Vikas Divyakirti to Bring Laughter and Life Lessons to The Great Indian Kapil Show
बाणेश्वरी कावड़ यात्रा के नगर भ्रमण में उमड़ा सैलाब, गूंजता रहा बोल बम का उद्घोष
इन्दौर। श्रद्धा और आस्था से लबरेज बाणेश्वरी कावड़ यात्रा ने आज सुबह से दोपहर तक शहर के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र को शिवमय बनाए रखा। सात हजार से अधिक कावडियों का जोश देखते ही बनता था। यात्रा के साथ चल रही आधा दर्जन झांकियां तो आकर्षण का केंद्र थी ही, डिजिटल शिव रथ भी हजारों भक्तों ने निहारा।
यात्रा की अगवानी में शामिल युवा भी बैंड-बाजों से निकल रही सुर एवं स्वर लहरियों पर नाचते-थिरकते श्रद्धालुओं का जोश बढ़ा रहे थे। भूत-प्रेत सहित भोलेबाबा की बारात एवं उज्जैन के मस्तरमैया मंडल के झांज-मंजीरों की टोली भी सबसे आगे चल रही थी। गत 30 जुलाई को महेश्वर से महांकालेश्वर के लिए प्रारंभ सात हजार शिव भक्तों की इस कावड़ यात्रा का शहर में 250 से अधिक मंचों से जोशीला स्वागत हुआ।
सुबह अन्नपूर्णा मंदिर में चुनरी समर्पण एवं 101 वेदपाठी बालकों द्वारा स्वस्ति वाचन तथा महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि द्वारा श्रीफल भेंट करने के बाद प्रारंभ कावड़ यात्रा जहां-जहां से निकली, समूचे माहौल को शिवभक्ति के रंग में भिगो गई। केशरिया वस्त्रों में, रंग-बिरंगी कावड़ को कांधे पर लादे श्रद्धालु ‘बोल बम’ का उदघोष करते हुए अन्नपूर्णा से महूनाका पहुंचे तो विधायक रमेश मैंदोला, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, गृनिमं अध्यक्ष कृष्णमुरारी मोघे, पूर्व विधायक जीतू जिराती, भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा, पूर्व पार्षद निरंजनसिंह चौहान गुड्डू सहित अनेक नेताओं ने यात्रा की अगवानी की और कुछ समय तक कावड़ भी उठाई।
महूनाका से कलेक्टोरेट, मोतीतबेला, पंढरीनाथ, यशवंत रोड़ होते हुए यात्रा राजबाड़ा पहुंची, जहां संयोजक गोलू शुक्ला ने देवी अहिल्या की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक कर चुनरी भी समर्पित की। राजवाड़ा से इमली बाजार, सदर बाजार होते हुए यात्रा जब मरीमाता चौराहा की ओर बढने लगी तो अनेक मुस्लिम भाईयों ने भी साफा बांधकर गोलू शुक्ला एवं साथियों का स्वागत किया। लगभग सात घंटे के शहर भ्रमण के बाद यात्रा रेवती रेंज के लिए प्रस्थित हुई।
इसके पूर्व कल रात महू से इंदौर आकर द्वारका गार्डन पर रात्रि विश्राम के दौरान भजन गायक श्रीधर झरकर, कैलाश शर्मा, प्रकाश चौहान आदि ने अपनी प्रस्तुतियों से हजारों भक्तों को थिरकाए रखा। विधायक रमेश मेंदोला, सुश्री उषा ठाकुर, समाजसेवी पं. विष्णुप्रसाद शुक्ला, पूर्व पार्षद राजेंद्र शुक्ला, पूर्व पार्षद अभिषेक बबलू शर्मा, पार्षद दीपक जैन टीनू आदि नेताओं ने भी भजन संध्या का आनंद लिया। रात को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने भी गोलू शुक्ला को इस विशाल यात्रा के लिए फोन पर छिंदवाड़ा से बधाई देते हुए कावड़ियों के कुशलक्षेम पूछे। भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा ने मुख्यमंत्री से गोलू शुक्ला की यह बातचीत कराई। सुबह द्वारका गार्डन पर सभी यात्रियों ने योग शिविर में भी भाग लिया।
राजबाड़ा पहुंचने पर शिवभक्तों का उत्साह देखने लायक था जहां बोल बम के गगनभेदी उदघोष के साथ ही भजन गायकों ने अपने भजनों से भक्तों को थिरकाए रखा। अन्नपूर्णा से मरीमाता तक पहुंचने में यात्रा को सात घण्टे से अधिक वक्त लगा। यात्रा का काफिला करीब दो कि.मी. लम्बा था। संध्या को यह काफिला मौनी बाबा आश्रम होते हुए रेवतीरेंज पहुंच गया। यात्रा शनिवार 4 अगस्त को रेवतीरेंज से खानबड़ोदिया पहुंचेगी तथा 5 अगस्त रविवार को उज्जैन पहुंचकर 6 अगस्त सोमवार को सुबह भस्मारती के दौरान 4 बजे भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर प्रदेश में सुखद वर्षा के साथ ही देश मंे सुख शांति और समृद्धि की प्रार्थना भी करेंगे।
कैंसरग्रस्त बालक एवं मुस्लिम भाईयों ने भी उठाई कावड़, संत उत्तम स्वामी ने दिया आशीर्वाद
यात्रा के साथ जहां चार मुस्लिम भाई भी पहले दिन से ही कावड़ उठाकर चल रहे हैं, वहीं बोनमेरो कैंसर से पीड़ित होने के बावजूद कावड़ उठाकर साथ चल रहे बाणगंगा इंदौर के 11 वर्षीय बालक अर्पित तिवारी के उपचार के लिए भी अनेक लोगों ने आर्थिक सहायता प्रदान की। अर्पित आज शहर भ्रमण के दौरान रूक-रूक कर कावड़ उठाता रहा। बाद में उसे एक रथ मंे बैठाया गया। संत उत्तम स्वामी और भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा ने भी बालक अर्पित से मुलाकात कर उसे शीघ्र स्वस्थ होने के आशीर्वाद प्रदान किए। यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला ने बालक के उपचार हेतु बाणेश्वरी कावड़ यात्रा संघ की ओर से पहले ही एक लाख एक हजार रू. की मदद देने की घोषणा की है वहीं शहर के नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस बालक के पिता शिवशंकर तिवारी निवासी बाणगंगा इंदौर के एक्सिस बैंक के खाता क्रमांक 0430101205993 आईएफएस कोड यूटीआई 0002820 में स्वैच्छिक राशि जमा कराकर इसकी मदद अवश्य करें। सोमवार को महांकालेश्वर के दरबार मंे सभी कावड़ यात्री इस बालक अर्पित तिवारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी करेंगे।


