- IIM Indore Conducts Bharat KALP Leadership Programme, Bringing Together Senior Civil Servants to Strengthen Governance and Public Leadership
- आईआईएमइंदौर ने आयोजित किया भारत KALP नेतृत्व कार्यक्रम; सुशासन और सार्वजनिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए देशभर के वरिष्ठ सिविल सेवक हुए शामिल
- Bunty Singh Wins Two Elite Titles, Shines at Mrs. Asia Pacific World & India International Cosmo 2026
- दो प्रतिष्ठित मंचों पर छाईं बंटी सिंह, मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड एवं इंडिया इंटरनेशनल कॉस्मो 2026 की एलीट विनर बनीं
- इंदौर में बिलियनेयर्स नेटवर्क के ‘बीएन प्रथम’ चैप्टर का लॉन्च, उद्यमियों को मिलेगा नेटवर्किंग का मंच
जन सहयोग एवं जन जागरूकता से जीत हासिल होगी एनीमिया पर – शंकर लालवानी
एनीमिया रथ का इन्दौर नगर में भ्रमण
इन्दौर। देश में घातक रोग एनीमिया के प्रति जन जागरूकता और रोग की रोकथाम के लिए एडवांस होम्योपैथिक मेडिकल रिसर्च एवं वेलफेयर सोसायटी तथा आयुष मेडिकल वेलफेयर के तत्वावधान में आज केन्द्रीय होम्योपैथिक अनुसन्धान परिषद्, आयुष मंत्रालय भारत सरकार में वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य डाॅ. ए.के. द्विवेदी द्वारा इन्दौर नगर में जन जागरूकता रथ निकाला गया। रथ को सांसद श्री शंकर लालवानी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, नगर निगम इन्दौर के पार्षद एवं महापौर परिषद् के सदस्य तथा क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती विजयलक्ष्मी गोहर अतिथि के रूप में कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद थीं। यह रथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों के 25 हजार घरों तक पहुँचकर एनीमिया बीमारी में होम्योपैथी की उपयोगिता तथा घरों में उपलब्ध सामग्री से एनीमिया दूर करने के तरीके बताएगा।
कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक सलाहकार बोर्ड के सदस्य डाॅ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि, एनीमिया जैसे घातक रोग को दूर करने के लिए विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों द्वारा संयुक्त प्रयास करने की जरूरत है। एनीमिया का होम्योपैथी में बेहतर इलाज है, पर जरूरत इस बात की है कि, रोग के बारे में आम जनजीवन में जानकारी हो।
उन्होंने बताया कि, हमारा उद्देश्य लोगों को समझाइश देना, सर्वे करना और समाधान देना है। इसके लिए जन सहयोग और जन जागरूकता आवश्यक है। घर में उपलब्ध गुड़-चना जैसी सामग्री भी एनीमिया की बीमारी कम करने में लाभप्रद होती है। आज से इन्दौर नगर में भेजे जा रहे इस रथ का उद्देष्य एनीमिया के इलाज और उसकी रोकथाम के बारे में जानकारी देने के साथ जनजागरुकता फैलाना भी है।
सांसद श्री लालवानी ने डाॅ. द्विवेदी द्वारा एनीमिया के बारे में वर्षों से किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि, इस वर्ष भारत सरकार ने एनीमिया इलाज के लिए बजट में भी प्रावधान किये हैं। उन्होंने यह भी बताया कि, देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के इन्दौर प्रवास के दौरान डाॅ. द्विवेदी ने मेरे साथ भेंट कर एनीमिया के बारे में चर्चा की थी। राष्ट्रपति जी ने डाॅ. द्विवेदी द्वारा दिये गये प्रतिवेदन को केन्द्र सरकार को प्रेषित किया था। बजट में इस प्रतिवेदन का प्रभाव परिलक्षित है।
विधायक श्री हार्डिया ने कहा कि, बीमारी के इलाज के लिए जागरूकता आवश्यक है। महापौर परिषद् के सदस्य श्री राजेश उदावत तथा पार्षद श्रीमती विजयलक्ष्मी गोहर ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया तथा डाॅ. द्विवेदी द्वारा किये जा रहे इस जन जागरूकता अभियान के प्रयासों की सराहना की।
जन जागरूकता रथ 5 मार्च तक प्रतिदिन नगर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगा। रक्त की कमी या एनीमिया के लक्षण वाले चिन्हित व्यक्तियों के रक्त का सेम्पल लेने की निशुल्क व्यवस्था एनीमिया रथ द्वारा की जाएगी। लक्षण वाले लोगों को गुड़-चना, मूँगफली दाना तथा किशमिश का निशुल्क वितरण किया जाएगा। आवश्यकतानुसार होम्योपैथी औषधियां भी निशुल्क उपलब्ध कराई जायेंगी।
डाॅ. द्विवेदी तथा उनकी टीम के सदस्यों ने खुद भी रथ के साथ नगर का भ्रमण किया। कार्यक्रम में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, इन्दौर के मनोचिकित्सक डाॅ. वैभव चतुर्वेदी, भोपाल शिवांगी होम्योपैथिक मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. डी.एन. मिश्रा, जबलपुर के चिकित्सक डाॅ. राजकुमार कुशवाहा, जनसम्पर्क विभाग के पूर्व अपर सचिव डॉ. भूपेन्द्र गौतम तथा आयुष चिकित्सक एवं विद्यार्थी तथा नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री राकेश यादव ने किया, आभार श्री दीपक उपाध्याय ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत डाॅ. विवेक शर्मा, डाॅ. जितेन्द्र पुरी तथा विनय पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस आठ दिवसीय रथ का संचालन डाॅ. विवेक शर्मा एवं डाॅ. जितेन्द्र पुरी व उनके सहयोगियों द्वारा किया जाएगा। एनीमिया सम्बन्धित रक्त जाँच डाॅ. द्विवेदी के आग्रह पर एप्पल पैथोलॉजी द्वारा निशुल्क किया जा रहा है।


