- वर्ल्ड स्ट्रोक डे: स्ट्रोक के लक्षण दिखते ही लें चिकित्सा सहायता, हर मिनट है कीमती
- ओलंपिक के सपनों से बदले की आग तक: प्राइम वीडियो की एमएक्स ओरिजिनल दुनिया की थैं थैं दर्शकों को रोमांच से भरे सफर पर ले जाने को तैयार; ट्रेलर जारी
- From Olympic Dreams to a Quest for Revenge: Prime Video’s MX Original Duniya Ki Thain Thain is Set to take Audiences on a Turbulent Ride; Trailer Out Now
- होम क्रेडिट इंडिया का दीवाली कैंपेन #अपनोंकेसाथदीवाली
- Disha Patani Turns Businesswoman as She Launches her Clothing Brand ‘DZ’, Offers Novelty by Fusing Elements from Space
शहर में गुंडों बदमाशों पर पुलिस प्रशासन करे सख़्त कार्यवाही
मंत्री श्री सिलावट ने आज इंदौर में समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
इन्दौर. जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने आज रेसीडेंसी कोठी में इंदौर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कोरोना की वर्तमान परिस्थितियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इंदौर में कोरोना के संदर्भ में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।
क़ानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री श्री सिलावट ने सख़्त लहजे में कहा कि इंदौर में अपराधियों पर सख़्ती से कार्रवाई की जाए और गुंडे बदमाशों के मंसूबों को फलीभूत नहीं होने दिया जाए। बैठक में संभागायुक्त डॉ. पवन शर्मा, आईजी श्री विवेक शर्मा, कलेक्टर श्री मनीष सिंह, आयुक्त नगर निगम सुश्री प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री महेश चंद जैन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने इंदौर में कोरोना की वर्तमान स्थिति के संबंध में शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए हैं कि “एक मास्क अनेक ज़िंदगी” अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए। इसमें नगर निगम की केंद्रीय भूमिका है। प्रशासन के प्रयासों से इंदौर में कोरोना के संबंध में जागरूकता का व्यापक अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसे जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
मंत्री श्री सिलावट ने इंदौर में क़ानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हाल में इंदौर में आपराधिक गतिविधियां बढ़ी है, इस संबंध में पुलिस बल को अधिक सचेत होकर कार्य करना होगा। जिन क्षेत्रों में अपराध घटित हों वहाँ पुलिस के अधिकारियों की भी जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। आईजी श्री विवेक शर्मा ने बैठक में बताया कि इंदौर में अभी हाल में हुई हत्याओं सहित अन्य गंभीर आपराधिक किस्मों में सभी अपराधियों को पकड़ा गया है।
मंत्री श्री सिलावट ने जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि वह समाज के जन प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों से संवाद स्थापित करें और कोरोना के ख़िलाफ़ एक व्यापक जागरूकता अभियान सुनिश्चित करें। कोरोना के संदर्भ में कार्य कर रही विभिन्न अशासकीय संस्थाओं और उनके कार्यकर्ताओं से भी प्रशासन का अच्छा समन्वय होना चाहिए।
श्री सिलावट ने कहा कि सर्वे टीम में लगे विभिन्न शासकीय सेवकों की समस्याओं को भी प्रशासन सुनें और उनका कार्य आसानी से हो सके, इस संबंध में सहूलियतें देना सुनिश्चित करें। मंत्री श्री सिलावट ने बैठक में विभिन्न प्राइवेट लैब में कोरोना की टेस्टिंग की जानकारी भी प्राप्त की। सोडानी लैब द्वारा अन्य लैब की तुलना में अधिक शुल्क रखे जाने पर उन्होंने आपत्ति जतायी और कहा कि इस संबंध में एकरुकता होनी चाहिए ।
संभागायुक्त डॉ.पवन शर्मा ने बैठक में बताया कि इंदौर में होम आइसोलेशन और कंट्रोल रूम द्वारा मरीज़ों की ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था कारगर सिद्ध हुई है। बड़ी संख्या में मरीज़ घर पर रहकर ही ठीक हुए हैं। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बताया कि इंदौर में छह हज़ार से अधिक मरीज़ विभिन्न अस्पतालों और घरों में रहकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह एक ऐसी संख्या है, जो समाज को भरोसा दिलाती है कि कोरोना को हराया भी जा सकता है।
बैठक में मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि लगभग चार माह की अवधि में कोरोना के कारण व्यापार, खेती किसानी, उद्योग, रोज़गार और श्रम क्षेत्र में क्या प्रभाव पड़ा है, इसका अध्ययन किया जाना चाहिए। स्थितियों का आंकलन कर इस संबंध में नुक़सान की भरपाई के उपाय सुनिश्चित किये जाने चाहिए ।
मंत्री श्री सिलावट ने बैठक में विद्युत वितरण कंपनी और नगर निगम को समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि इंदौर में कहीं पर भी सड़कें अंधेरे में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बैठक में निर्देश दिया है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ग़रीब परिवारों को राशन दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं, इस संबंध में जिला प्रशासन पुख़्ता योजना बनाकर कार्य करें।
उन्होंने सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल के शेष निर्माण कार्यों को भी जल्दी पूरा करने के लिए कहा, ताकि इसका विधिवत उद्घाटन किया जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने गत दिवस शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप बताया कि इंदौर में कहीं पर भी सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक आयोजन पर पाबंदी लगायी गई है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि चूंकि नागरिक अपने घरों पर गणेश जी की मूर्तियाँ स्थापित करेंगे, अत: मूर्ति विसर्जन के लिए भी नगर निगम अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में एक स्थान चिन्हित किया जाए जहाँ पर लोग आकर अपनी मूर्तियां विसर्जन के लिए रख सकें। इन मूर्तियों का पूरे सम्मान से विसर्जन होना चाहिए। मंत्री श्री सिलावट ने आगामी दिनों में स्कूल-कॉलेज के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बताया कि स्कूल-कॉलेज खोले जाने के संबंध में केंद्र एवं राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही कार्य किया जाएगा।
मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीण अंचलों में राजस्व प्रकरणों के संबंध में भी कलेक्टर से कहा कि किसान इस संबंध में परेशान नहीं हों और उनके राजस्व प्रकरण यथा समय निराकृत भी किये जाए। मंत्री श्री सिलावट ने बैठक में इंदौर शहर की यातायात पर भी एक व्यवस्थित योजना बनाने के निर्देश पुलिस महानिरीक्षक को दिए।


