- MX ओरिजिनल ‘राइज़ एंड फॉल’ सीज़न 2 को मिला अपना विजेता, शहज़ाद पूनावाला ने जीती शानदार ट्रॉफी
- MX Original Rise and Fall Season 2 Crowns Its Champion, with Shehzad Poonawalla Taking Home the Coveted Trophy
- Harsh Rajput’s Natural and Realistic Performance in Jhaad Phoonk Wins Appreciation, Audiences Go Gaga Over His Screen Presence
- Dia Mirza Attends One Young World Summit in Cape Town to Inspire Change & Work for a Healthy Future
- Netted Sarees to Embellished Shararas: 5 Times Pragya Jaiswal Served the Ultimate Festive Fashion Goals
इंदौर में टीकाकरण अभियान के लिये समाज को प्रेरणा दें धर्मगुरू
कोविड वैक्सीनेशन के जन जागरूकता अभियान हेतु धर्मगुरूओं, जनप्रतिनिधियों की बैठक संपन्न
इंदौर. मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा गत दिवस कोरोना की समीक्षा हेतु आयोजित की गई वीसी के दौरान दिये गये निर्देशों के अनुपालन में कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु जन जागरूकता निर्मित करने के लिये गुरूवार को रेसीडेंसी कोठी में जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं, सामाजिक समुदायों, राजनैतिक दलों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, श्री महेन्द्र हार्डिया, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री मनोज पटेल, श्री राजेश सोनकर, श्री गौरव रणदिवे, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, आईजी श्री हरिनारायणचारी मिश्र, कलेक्टर श्री मनीष सिंह, डीआईजी श्री मनीष कपूरिया, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल सहित अन्य गणमान्य जन भी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये जन-जागरण कर कोरोना प्रोटोकॉल के पालन एवं कोविड वैक्सीनेशन के प्रति जिले में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। आज आहूत की गई इस बैठक के माध्यम से मंत्री श्री सिलावट द्वारा जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से समाज को कोविड के प्रति जागरूकता संदेश देते हुये वैक्सीनेशन लगाने के लिये प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
स्वच्छता अभियान की तरह टीकाकरण अभियान मे भी इंदौर को बनाएं सर्वश्रेष्ठ- मंत्री श्री सिलावट
बैठक में मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि 23 मार्च 2020 से जब से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की बागडोर संभाली है तब से ही राज्य सरकार द्वारा नियमित रूप से कोरोना के विरुद्ध लड़ाई जारी है। इस लड़ाई में समाज के सभी वर्ग के लोग, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से अनुरोध एवं याचना करते हुए कहा कि कोविड वैक्सीनेशन अभियान को नई ऊर्जा और संबल प्रदान करते हुए आप सभी कोरोना के प्रति इस लड़ाई को सफल बनाने में शासन और जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कोरोना से मुक्ति हेतु चलाया जा रहा है यह जन आंदोलन मील का पत्थर साबित हो सकता है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि आप सभी सदस्यों द्वारा जब लोगों को प्रेरित किया जाएगा और उनसे अपील की जाएगी तो उसके प्रभावी परिणाम अवश्य देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमने स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर का परचम लहराया है उसी तरह कोविड के विरूद्ध लड़ाई में भी हम इंदौर को प्रदेश एवं देश के लिये सर्वेश्रेष्ठ उदाहरण बनायेंगे।
बिना आर्थिक गतिविधियों को रोके जिले को बनाएंगे कोरोना मुक्त – सांसद श्री लालवानी
सांसद श्री लालवानी ने कहा कि बैठक में सभी के द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप सभी का मार्गदर्शन समाज के लिए बहुत जरूरी है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये सभी पात्र व्यक्ति वैक्सीन लगवाये यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड वैक्सीनेशन हेतु शहरी क्षेत्रों में 175 एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 100 केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन स्तर पर पूरी व्यवस्था कर ली गई है, अब हम सबकी जिम्मेदारी है कि प्रशासन का सहयोग कर इस अभियान को सफल बनाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों द्वारा प्रोत्साहित करने पर यदि अन्य क्षेत्रों में भी शिविर लगाने की आवश्यकता पड़ती है तो वहां पर भी प्रशासन द्वारा शिविर लगाए जाएंगे।
विधायक श्री हार्डिया ने कहा कि सोशल ग्रुप पर कोरोना से संबंधित भ्रामक खबर फैलाने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना के विरूद्ध लड़ाई सबकी लड़ाई है। इसलिये उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया है कि वे अधिक संख्या में लोगों को वैक्सीनेशन एवं मास्क का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। विधायक श्रीमती गौड़ ने कहा कि इंदौर शहर संभावना का शहर है यहां का संदेश पूरे प्रदेश में जाता है इसलिए जरूरी है कि हम वैक्सीनेशन अभियान को सफल बना कर कोविड मुक्त इंदौर के निर्माण हेतु हम सब की एकजुटता का संदेश प्रदेश भर में दें।
वैक्सीनेशन का नहीं है कोई साइडइफेक्ट – संभागायुक्त डॉ शर्मा
संभागायुक्त डॉ शर्मा ने सदस्यों को बताया कि उन्होंने स्वयं कोविड का टीका लगवाया है। उन्हें एवं आज तक जितने लोगों को भी वैक्सीन लगी है उनको किसी भी तरह के साइड इफेक्ट नहीं पाए गए हैं। इसलिए बिना किसी भय के ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आकर वैक्सीनेशन लगवाएं। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन को लेकर जो तरह-तरह की भ्रांतियां आए दिन सुनने में आती हैं उनको दूर करने के लिए जिले में एक सेंटर स्थापित किया जाएगा। जहां पर लोग संपर्क करके पता कर सकते हैं कि कोविड वैक्सीनेशन से संबंधित खबर तथ्यात्मक है या नहीं।
महोत्सव की तरह आयोजित होगा इंदौर में कोविड वैक्सीनेशन अभियान
बैठक में सभी सदस्यों द्वारा वैक्सीनेशन अभियान हेतु सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के लिये कई सुझाव दिये गये। इस अवसर पर अन्ना महाराज ने कहा कि वैक्सीनेशन अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाये, जिससे स्थानीय लोग अधिक से अधिक संख्या में कोविड का टीका लगवायें। महामण्डलेश्वर श्री दादू महाराज ने कहा कि वे स्वयं कोविड का टीका लगवायेंगे और साथ ही मराठी समाज के लोगों को कोविड वैक्सीन लगाने के लिये घर-घर जाकर प्रेरित करेंगे। शहर काजी डॉ इशरत अली ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन को सफल बनाने के लिये जरूरी है कि इससे जुड़ी अनेक भ्रांतियों को दूर किया जाये। मीडिया द्वारा तथ्यात्मक खबरों को लोगों तक पहुंचाकर उन्हें जागरूक किया जाये। पद्मश्री श्री सुशील दोषी ने कहा कि इंदौर जिलेवासी मूलत: अनुशासन के साथ रहना पसंद करते है। इसलिये उन्हें पूर्ण विश्वास है कि वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियां दूर कर लोगों को कोविड का टीका लगाने के लिये प्रेरित किया जा सकता है। लायंस क्लब से श्रीमती रश्मि गुप्ता और रोटरी मंडल अध्यक्ष श्री गजेन्द्र नारंग ने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ कोविड के विरूद्ध इस लड़ाई में शासन और प्रशासन का सहयोग करेंगे। साथ ही अपने क्लब के सदस्यों द्वारा जिलेभर में लागों को कोविड वैक्सीन लगाने के लिये प्रेरित करेंगे। महामण्डलेश्वर स्वामी चेतन स्वरूप ने कहा कि लोगों को प्रेरित करने के लिये सभी धर्मगुरू कोविड वैक्सीन का टीका स्वंय लगाये और उसकी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जनता को जागरूक करने का प्रयास करें। पूर्व हाकी खिलाड़ी श्री मीररंजन नेगी ने कहा कि मैंने कई राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय मैच खेले हैं, पर कोरोना से यह मैच बेहद मुश्किल है। हम सभी इंदौर वासी टीम भावना से खेलेंगे तो जरूर यह मैच जीतेंगे।


