- MX ओरिजिनल ‘राइज़ एंड फॉल’ सीज़न 2 को मिला अपना विजेता, शहज़ाद पूनावाला ने जीती शानदार ट्रॉफी
- MX Original Rise and Fall Season 2 Crowns Its Champion, with Shehzad Poonawalla Taking Home the Coveted Trophy
- Harsh Rajput’s Natural and Realistic Performance in Jhaad Phoonk Wins Appreciation, Audiences Go Gaga Over His Screen Presence
- Dia Mirza Attends One Young World Summit in Cape Town to Inspire Change & Work for a Healthy Future
- Netted Sarees to Embellished Shararas: 5 Times Pragya Jaiswal Served the Ultimate Festive Fashion Goals
आपत्तिजनक मैसेज, फोटो, वीडियो पोस्ट करने पर होगी कार्रवाई
नव गठित शांति समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर। इंदौर की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप आगामी सभी त्यौहार कोविड-19 प्रोटाकॉल तथा राज्य शासन और प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी किये गये दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण श्रद्धा एवं आस्था के साथ मिलजुलकर मनाए जाएंगे। शांति एवं कानून व्यवस्था हर हाल में कायम रखी जाएगी। शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
यह निर्णय आज यहां कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री मनीष सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई नवगठित शांति समिति की बैठक में लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल, डीआईजी मनीष कपूरिया, पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन, एडीएम पवन जैन, विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि शांति समिति के सदस्यगण, शहर काजी डॉ. इशरत अली तथा अन्य धर्मों के प्रतिनिधि, प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि त्योहारों के दौरान डीजे के उपयोग की अनुमति नहीं रहेगी। त्योहारों के दौरान कार्यक्रम आयोजन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जा सकेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश का पालन सुनिश्चित करना होगा। व्हाट्सएप, फेसबुक, टि्वटर सहित अन्य सोशल मीडिया में संप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने तथा आपत्तिजनक मैसेज, फोटो, वीडियो आदि पोस्ट करने तथा उन्हें फॉरवर्ड करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्रुप एडमिन के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।
त्योहारों के दौरान झांकियां निकालने की अनुमति नहीं रहेगी। गणेश उत्सव समारोह आयोजन के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम से अनुमति लेना होगी। सभी थाना स्तरों पर आयोजकों और संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजनों की बैठक आयोजित होगी। पण्डाल का आकार अधिकतम 30×45 फीट नियत किया गया है। आयोजनों में श्रद्धालु/ दर्शकों को फेस कवर, सोशल डिस्टेंसिंग एवं सेनेटाईजर का प्रयोग के साथ ही राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना होगा।
बैठक में कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान इंदौर की गौरवशाली परम्परा कायम रखी जायेगी। त्योहारों के दौरान जन-स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। कोविड अभी समाप्त नहीं हुआ है। तीसरी लहर की आशंका है। सावधानी एवं सतर्कता बरतनी जरूरी है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल ने त्योहारों के दौरान नगर निगम द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूर्ति विसर्जन के लिए नगर निगम द्वारा पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन के लिए मूर्तियां एकत्र करने के लिए जगह-जगह विशेष व्यवस्था रहेगी।
बैठक में डीआईजी श्री मनीष कपूरिया ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाये रखना हम सबका दायित्व है। शांति समिति के सदस्य यह प्रयास करें कि अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। छोटी-छोटी घटनाओं को तुरंत संज्ञान में लेकर उसे वहीं समाप्त करने का प्रयास करें। पुलिस अधीक्षक श्री महेशचंद्र जैन ने कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जा सकता है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करना होगा।
बैठक में सभी सदस्यों ने पूर्व में सम्पन्न हुये सभी त्योहारों के दौरान जिला प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के प्रयासों की सराहना की।


