- रैम्प योजना के अंतर्गत सीएफटीआरआई, मैसूर में MSMEs एवं स्टार्टअप्स की तकनीकी एक्सपोज़र विजिट सफलतापूर्वक संपन्न
- Technical Exposure Visit of MSMEs and Startups Successfully Concludes at CFTRI, Mysuru under RAMP Scheme
- Dhvani Bhanushali Receives Warm Appreciation from Gajraj Rao for Papa Hero Tum Mere Track from Her Album ‘Feels’, Singer Reacts
- ईडीआईआई और सीएसआईआर-सीडीआरआई, लखनऊ ने संयुक्त रूप से टेक्नोलॉजी शोकेस एंड एडॉप्शन वर्कशॉप का आयोजन किया
- Varun Dhawan Turns Host for the First Time for IIFA 2027
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं: कोरोना सर्वे टीम की फ्रंटलाइन फोर्स
हजारों की संख्या में बनाए मास्क और वितरित किए
इंदौर. महिला एवं बाल विकास विभाग का आधार स्तंभ मानी जाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं कोरोना की लड़ाई में भी फ्रंटलाइन फोर्स की तरह कार्य कर रही हैं। इंदौर में कोरोना महामारी से निपटने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं पीछे नहीं हैं।
जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्री मनीष सिंह के निर्देश पर शुरू किए गए घर-घर सर्वे कार्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। देवश्री दुबे, मंजू सोनी, लाजवंती शिंदे हो या मंजुला शेखावत अथवा सरिता सरोया सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, उन्हें सौंपे गए सर्वे, जागरूकता तथा सेवा कार्य को बखूबी निभा रहीं हैं।
इन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ एक हज़ार से अधिक अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं सेवा की अनूठी मिसाल प्रस्तुत कर रहीं हैं। वे अपने कार्य को उत्साह, उमंग एवं पूर्ण तत्परता से निभा रही हैं।
जब बाजार से कपड़ा मिलना बंद हो गया तो, माँ के ब्लाउज पीस के कपड़े से बनाए मास्क
इंदौर शहर की महू ग्रामीण 1 परियोजना के अंतर्गत खातीपुरा में कार्यरत सुश्री मिताली भार्गव ने प्रारंभ में 300 मास्क बनाए और वितरित किए। इसके बाद बाजार बंद होने से कपड़े नहीं मिला, तो मम्मी के ब्लाउज पीस काटकर 120 और मास्क बनाकर वितरित किये। वाकई यह जज़्बा और सेवा भाव अपने आप में एक मिसाल है।
इसी तरह सेक्टर सिमरोल की कार्यकर्ता अनीता कोठारी ने अकेले 1000 मास्क बनाए। इसके लिए गांव के श्री विजय पाटीदार ने कपड़ा उपलब्ध करवाया। इसी क्रम में हरसोला की कार्यकर्ता रीना राठौर, सरस्वती पाटीदार, अनीता मोहरिया, दूर्गा दुबे, मीनाक्षी व्यास ने 500, मंजू उपाध्याय ने 50, आरती सनखेरे ने 200, संगीता अटारिया ने 300, दतोडा सेक्टर सिमरोल की कार्यकर्ता अनीता कोठारी, सुनीता दायमा, इंदिरा गोयल ने 600, ऋतु बामनिया सहायिका ग्राम भगोरा ने 200, अनिता चौहान सहायिका खातीपुरा महू गांव ने 100 मास्क बनाए और वितरित किए।
महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी डॉ सी.एल. पासी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सर्वे में तत्परता से कार्य कर रही कार्यकर्ताओं द्वारा सर्वे कार्य में सर्दी, खांसी, बुखार आदि के मरीज चिन्हित किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर वे कोरोना के प्रति जागरूकता भी ला रहीं हैं। इन प्रयासों के अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं, तथा नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ढूंढने में अत्यधिक मदद मिल रही है।
इंदौर के कंटेनमेंट एरिया राजनगर में कार्य कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती लाजवंती शिन्दे बेहद उत्साह के साथ अपना दायित्व निभा रहीं हैं। उनके इस उत्साह को देखकर अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी आगे आ रहीं हैं।
कार्यकर्ताओं ने पहचाने लक्षण, ढूंढा कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को
सराफा कंटेनमेंट एरिया में सर्वे कर रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती देवश्री दुबे एवं श्रीमती मंजू सोनी की भी अहम भूमिका है। उन्होंने सराफा क्षेत्र में घर-घर जाकर बंगाली कारीगरों को बाहर निकालने एवं उन्हें क्वॉरेंटाइन करने में महती भूमिका निभाई है। इनकी मेहनत के फलस्वरुप 4 पॉजिटिव मरीज मिले, जिनका उपचार चल रहा है। ऐसी ही अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भी अपनी अपनी महत्वपूर्ण कहानी है।


