- Birla Studios announces June 18th as the theatrical release date of Kartik Aaryan starrer Ladaku, directed by Kabir Khan!
- Sanaraees Khan Shares Inside Pictures from Raveena Tandon’s Star-Studded Birthday Bash
- Dr. Acharya Vinod Kumar Ojha Highlights the Astrological and Spiritual Significance of Diwali 2026
- Netflix Pe Pitega Titu Mama Ka ‘Dhindora’: India’s First and Biggest Digital Creator Bhuvan Bam Brings Cult Favourite Back for Season 2 on November 20
- Kamyaabi Ki Kahaani, Hassi Ki Zubani: Zakir Khan, Pankaj Tripathi and Vikas Divyakirti to Bring Laughter and Life Lessons to The Great Indian Kapil Show
जल जीवन मिशन संबंधी कार्य समयसीमा में पूर्ण करें
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री यादव ने बैठक में दिये निर्देश
इंदौर. जल जीवन मिशन से संबंधित सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण किये जाएं. यह निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के राज्यमंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव ने इंदौर संभाग के विभागीय अधिकारियों की बैठक में दिए.
मंत्री श्री यादव ने प्रीतमलाल दुआ सभागृह में इंदौर व उज्जैन संभाग के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री व अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक में जल जीवन मिशन संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की. इस दौरान विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव के साथ-साथ प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के.के. सोनगरिया सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे.
राज्यमंत्री श्री यादव ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भोपाल में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि विकास कार्यों को अब पूरी गति के साथ शुरू करना है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त 2019 को स्वतंत्रता दिवस पर वर्ष 2024 तक जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर में शुद्ध जल पहुंचाने की घोषणा की थी. हमारे मुख्यमंत्री ने यह समयसीमा वर्ष 2023 निर्धारित की है. अतः इस समयसीमा का ध्यान रखते हुए स्वीकृत सभी कार्य पूरी गति के साथ करायें. उन्होंने कहा कि वर्षा कम होने से गाँवों में पेयजल संकट बना रहता है। ऐसे में जल जीवन मिशन अत्यंत महत्वपूर्ण है.
स्कूलों के लिए करें जलस्रोत की व्यवस्था
मंत्री श्री यादव ने बैठक में निर्देश दिए कि आँगनवाड़ी व स्कूलों में आगामी 15 अगस्त तक पेयजल व शौचालयों के लिए जलस्त्रोत की व्यवस्था हर हाल में की जाना है. इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से करें. उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी ठेकेदारों द्वारा किये जा रहे कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करें तथा बिना किसी दबाव में आये जल जीवन मिशन संबंधी कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से पूर्ण करायें. उन्होंने कहा कि इन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने होंगे
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री श्रीवास्तव ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि गत डेढ़-दो वर्षों में कोविड संक्रमण के कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, इसलिये अब गति से जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करना होगा. प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री के.के. सोनगरिया ने बैठक में निर्देश दिये कि गत दिनों कोरोना से मृत अधिकारी-कर्मचारियों के परिजन को अनुकम्पा नियुक्ति देने संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण करें. बैठक में जल निगम के मुख्य महाप्रबंधक अजय जैन, मुख्य अभियंता इंदौर जोन सोलंकी व मुख्य अभियंता मैकेनिकल श्री बघेल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे. बैठक का संचालन राजेश जोशी महाप्रबंधक जल निगम ने किया.


