- IIM Indore Conducts Bharat KALP Leadership Programme, Bringing Together Senior Civil Servants to Strengthen Governance and Public Leadership
- आईआईएमइंदौर ने आयोजित किया भारत KALP नेतृत्व कार्यक्रम; सुशासन और सार्वजनिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए देशभर के वरिष्ठ सिविल सेवक हुए शामिल
- Bunty Singh Wins Two Elite Titles, Shines at Mrs. Asia Pacific World & India International Cosmo 2026
- दो प्रतिष्ठित मंचों पर छाईं बंटी सिंह, मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड एवं इंडिया इंटरनेशनल कॉस्मो 2026 की एलीट विनर बनीं
- इंदौर में बिलियनेयर्स नेटवर्क के ‘बीएन प्रथम’ चैप्टर का लॉन्च, उद्यमियों को मिलेगा नेटवर्किंग का मंच
कल-कल करती माई नर्मदा मिली गंभीर से
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संकल्प हुआ पूरा
इंदौर. जिले के बड़ी कलमेर गांव में आज नर्मदा माई कल-कल निनाद के साथ गंभीर नदी से मिली। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूजा अर्चना के बाद जैसे ही बटन दबाया, नर्मदा का पानी कल-कल करते हुए बहने लगा। ओम्कारेश्वर बांध से नर्मदा-मालवा-गंभीर लिंक परियोजना के तहत नर्मदा का जल इंदौर जिले में गंभीर नदी तक लाया गया है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह संध्या की सुरमई बेला में विधायक मनोज पटेल और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ इस पावन कार्य के साक्षी बने। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि आज एक बड़ा संकल्प पूर्ण हुआ है। पहले इस कार्य को असंभव बताया गया था, लेकिन इसे हमने दृढ़ निश्चय के साथ संभव कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मां नर्मदा के चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों की जिंदगी में सुखद बदलाव आएगा। उन्होंने मां नर्मदा से क्षेत्र के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मालवा की धरती पग-पग रोटी डग-डग नीर के लिए विख्यात थी, लेकिन धीरे-धीरे यह क्षेत्र रेगिस्तान बनता जा रहा था। ऐसे में नर्मदा-क्षिप्रा लिंक और नर्मदा-गंभीर लिंक जैसी परियोजनाओं से परिस्थितियों में बदलाव आएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों और आम जनता से कहा कि उन्हें जीवन में कठिनाइयों के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार की संबल योजना से गरीबों को सहारा मिला है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि किसानों से सोयाबीन एक निश्चित रेट पर खरीदा जाएगा। किसानों के पसीने की पूरी कीमत अदा की जाएगी।
क्षेत्रीय विधायक श्री मनोज पटेल ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। एक असंभव सा लगने वाला कार्य पूरा हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के पावन संकल्प से अब नर्मदा माई हमारे क्षेत्र में आयी है। अब हमें अमावस-पूर्णिमा में नर्मदा स्नान के लिए ओम्कारेश्वर नहीं जाना पड़ेगा। श्री पटेल ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के किसानों की खेती भी सिंचित होगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह, संभागायुक्त श्री राघवेंद्र सिंह, एडीजी श्री अजय शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


