- IIM Indore Conducts Bharat KALP Leadership Programme, Bringing Together Senior Civil Servants to Strengthen Governance and Public Leadership
- आईआईएमइंदौर ने आयोजित किया भारत KALP नेतृत्व कार्यक्रम; सुशासन और सार्वजनिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए देशभर के वरिष्ठ सिविल सेवक हुए शामिल
- Bunty Singh Wins Two Elite Titles, Shines at Mrs. Asia Pacific World & India International Cosmo 2026
- दो प्रतिष्ठित मंचों पर छाईं बंटी सिंह, मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड एवं इंडिया इंटरनेशनल कॉस्मो 2026 की एलीट विनर बनीं
- इंदौर में बिलियनेयर्स नेटवर्क के ‘बीएन प्रथम’ चैप्टर का लॉन्च, उद्यमियों को मिलेगा नेटवर्किंग का मंच
मप्र में अटल बिहारी के सपने को कर रहे साकार: महाजन
लोकसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने नर्मदा-मालवा-गंभीर लिंक परियोजना के प्रथम चरण का किया लोकार्पण
इंदौर. लोकसभा अध्यक्ष तथा सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज देपालपुर में महत्वाकांक्षी नर्मदा-मालवा-गंभीर लिंक परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया गया. इस मौके पर देपालपुर में कृषक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया.
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि मध्यप्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार किया जा रहा है. नदी जोड़ो अभियान उनका मुख्य सपना रहा है. इस सपने को पूरा करने के लिये राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अभूतपूर्व काम किये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास में निरन्तर प्रयत्नशील है. उनके प्रयासों से मध्यप्रदेश समृद्ध प्रदेश बनेगा.
गरीबी मुक्त प्रदेश बनेगा: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को गरीबी मुक्त प्रदेश बनाया जायेगा. इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रयास शुरू कर दिये गये हैं. इन्हीं प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना का क्रियान्वयन प्रारम्भ किया गया है. इस योजना से प्रदेश से गरीबी पूरी तरह से समाप्त करने में मदद मिलेगी. इस योजना में लाभान्वित करने के लिये समाज के अधिकांश परिवारों को बगैर भेदभाव के शामिल किया गया है.
मालवा को हरा-भरा बनाने में कारगर होगी योजना
मुख्यमंत्री ने नर्मदा-गंभीर लिंक परियोजना के लोकार्पण के संबंध में चर्चा करते हुये कहा कि यह योजना मालवा को हरा-भरा बनाने तथा खुशहाल बनाने में कारगर होगी. मालवांचल के जल संकट के स्थायी समाधान के लिये क्षिप्रा, गंभीर, कालीसिंध और पार्वती नदियों को नर्मदा से मिलाने का संकल्प लिया है. इस संकल्प को नर्मदा-मालवा लिंक महाभियान के रूप में अमली रूप दिया गया है. इसके बाद नर्मदा-मालवा-गंभीर लिंक दूसरी महत्वपूर्ण योजना है. कार्यक्रम में विधायक मनोज पटेल, रमेश मेंदोला, जिला पंचायत अध्यक्ष इंदौर श्रीमती कविता पाटीदार आदि विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे.
नर्मदा-पार्वती और नर्मदा-कालीसिंध पर भी काम शुरू किया जा रहा
उन्होंने कहा कि मालवा को हरा-भरा बनाने के लिये अब नर्मदा-पार्वती और नर्मदा-कालीसिंध पर भी काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्मदा-मालवा-गंभीर लिंक परियोजना से इंदौर तथा उज्जैन जिलों के 50 हजार 775 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता निर्मित होगी। इससे पेयजल और औद्योगिक जल का लाभ मिलेगा.
सोयाबीन 3,400 से कम नहीं बिकने दिया जाएगा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. कृषि उत्पादन लागत भी कम की जा रही है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों का सोयाबीन किसी भी हालत में तीन हजार 400 रूपये के कम से नहीं बिकने दिया जायेगा. इसके लिये शीघ्र निर्णय लेकर किसानों को लाभ दिया जायेगा. कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक मनोज पटेल ने स्वागत भाषण दिया. उन्होंने कहा कि देपालपुर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है. कार्यक्रम में अतिथियों ने बटन दबाकर नर्मदा-गम्भीर लिंक परियोजना का लोकार्पण किया.


