- MX ओरिजिनल ‘राइज़ एंड फॉल’ सीज़न 2 को मिला अपना विजेता, शहज़ाद पूनावाला ने जीती शानदार ट्रॉफी
- MX Original Rise and Fall Season 2 Crowns Its Champion, with Shehzad Poonawalla Taking Home the Coveted Trophy
- Harsh Rajput’s Natural and Realistic Performance in Jhaad Phoonk Wins Appreciation, Audiences Go Gaga Over His Screen Presence
- Dia Mirza Attends One Young World Summit in Cape Town to Inspire Change & Work for a Healthy Future
- Netted Sarees to Embellished Shararas: 5 Times Pragya Jaiswal Served the Ultimate Festive Fashion Goals
सांवेर में 3 नवम्बर को मतदान तथा 10 नवम्बर को होगी मतगणना
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सांवेर विधानसभा उप चुनाव के लिये निर्वाचन कार्यक्रम घोषित*
इंदौर. भारत निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 211-सांवेर (अ.जा.) के लिये उप-निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचरण संहिता विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 211-सांवेर (अ.जा.) के क्षेत्र में ही प्रभावशील रहेगी।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना का प्रकाशन 09 अक्टूबर 2020 को किया जायेगा। नामांकन का अंतिम दिन 16 अक्टूबर 2020 रहेगा। नामांकन वापसी की अंतिम दिनांक 19 अक्टूबर 2020 है। नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर 2020 को की जायेगी। मतदान 03 नवम्बर 2020 को होगा। मतगणना 10 नवम्बर 2020 को होगी।
यह जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई पत्रकार वार्ता में दी। इस अवसर पर डीआईजी श्री हरिनारायण चारी मिश्र, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु चन्द्र, पुलिस अधीक्षक श्री महेश चन्द्र जैन, अपर कलेक्टर द्वय श्री अभय बेड़ेकर तथा श्री अजय देव शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष सिंह ने बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2020 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की अनुसार संख्या पुरूष मतदाता एक लाख 35 हजार 522 तथा महिला मतदाता एक लाख 28 हजार 745 व ट्रांसजेंडर मतदाता 02 है। महिला पुरूष अनुपात(GR) 950 तथा मतदाता जनसंख्या अनुपात(EP) 67.54 प्रतिशत है। दिव्यांग मतदाता विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 हजार 743 है। 80 वर्ष आयु से अधिक के 3 हजार 283 मतदाता है।
मतदान केंद्र
विधानसभा क्षेत्र में कुल 284 मतदान केन्द्र थे। कोविड-19 के दृष्टिगत आयोग के निर्देशानुसार 1000 मतदाताओं से अधिक वाले मतदान केन्द्रों को तोड़कर कुल 96 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए है। इस प्रकार कुल 380 मतदान केन्द्र है, जोकि कुल 220 भवनों में स्थापित है। सहायक मतदान केन्द्रों के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है। विधानसभा क्षेत्र के 380 मतदान केन्द्रों को 39 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में 8 से 13 मतदान केन्द्र आवंटित है। विधानसभा क्षेत्र में सांवेर के साथ पांच तहसील हातोद, जूनी इन्दौर, मल्हारगंज, कनाड़िया, खुड़ेल के कुछ क्षेत्र समाहित है।
व्यय निगरानी टीम
सांवेर विधानसभा क्षेत्र व्यय संवेदनशील होने से व्यय निगरानी के लिये विधानसभा क्षेत्र में 25 दल FST, 25 दल VST, 15 दल SST, 04 दल WT तथा 01 दल AT गठित कर लिये गये है जो सतत् 24×7 अभ्यर्थियों/राजनैतिक दलों के खर्चों पर निगरानी रखेगें। इन दलों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
ई.व्ही.एम.-व्हीव्हीपीएटी
विधानसभा क्षेत्र में 380 मतदान केन्द्रों के लिए 225 प्रतिशत अधिक कुल 852 सी.यू., 852 बी.यू. तथा 852 व्हीव्हीपीएटी की एफएलसी की गई है।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दृष्टिगत जारी गाईड लाईन का पालन किया जायेगा तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 व्यवस्थाओं एवं प्रतिरोध उपायों की निगरानी हेतु डॉ. पूर्णिमा गडरिया, एवं डॉ. हेमन्त रघुवंशी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर जिला इन्दौर को विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन ड्युटी में लगे कर्मचारियों एवं केन्द्रिय सशस्त्र बल के कर्मचारियों के निर्वाचन कार्य दौरान कोविड-19 के दृष्टिगत कैशलेस उपचार एवं मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को रूपये तीस लाख अनुग्रह राशि देने का प्रावधान किया गया है।
प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का कार्यक्रम तैयार किया जाकर प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। जिसके तहत दिनांक 06 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2020 तक पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी क्रमांक-एक को पूर्वान्ह 10 से 01 तथा अपरान्ह 02 से 05 बजे एवं 10 अक्टूबर 2020 को मतदान अधिकारी क्रमांक-2 एवं 3 को प्रशिक्षण दिया जायेगा।
शिकायत
शिकायत निवारण के लिये टेलीफोन नम्बर 1950(24×7) एवं 0731-2465546 की व्यवस्था की गई है। शिकायत कंट्रोल रूम जिलाधीश कार्यालय के कक्ष क्रमांक जी-12 में स्थापित होकर क्रियाशील है।
एमसीसी/एमसीएमसी/पेड न्यूज
मीडिया सर्टिफिकेशन व पेड न्यूज की निगरानी के लिये कंट्रोल रूम जिला पंचायत इन्दौर में स्थापित किया गया है।
नामांकन
पोर्टल पर उपलब्ध पब्लिक प्लेटफार्म तथा आर.ओ. के प्लेटफार्म पर फार्म की प्रविष्ठि कर इसका डेमो कर लिया गया है। नामांकन जमा कराने के लिए प्रत्याशी के साथ अधिकतम दो व्यक्ति ही जा सकते है। नामांकन हेतु जाने वाले वाहनों की संख्या भी अधिकतम दो तक ही सीमित रहेगी।
मतगणना व्यवस्था
स्ट्रांग रूम तथा मतगणना हाल नेहरू स्टेडियम में बनाया गया है, कोविड-19 के दृष्टिगत दो हॉल में सात-सात टेबलों पर ईव्हीएम की गणना की जायेगी तथा एक हॉल में ईटीपीबीएस व डाक मतपत्रों की गणना की जायेगी।
ईटीपीबीएस, पोस्टल बैलेट
आयोग के निर्देशानुसार ईटीपीबीएस जनरेट कर संबंधित सेवा मतदाताओं को प्रेषित किये जायेंगे पोस्टल बैलेट के लिये 80+, पीडब्ल्यूडी मतदाताओं को चिन्हित कर पोस्टल बैलेट प्रदाय करने की कार्यवाही की जावेगी, इसी प्रकार कोरोना पॉजिटिव तथा क्वारंटाइन व्यक्तियों की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित समयसीमा में डाक मतपत्र प्रदाय करने की कार्यवाही की जायेगी।
व्यय संवेदनशील
सांवेर विधानसभा क्षेत्र व्यय संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिन्हित है। संवेदनशील मतदान केन्द्र, वल्नरेबल मैपिंग के अंतर्गत वल्नरेबल क्षेत्रों को चिन्हित किया जा रहा है। इस अवसर पर डीआईजी श्री हरिनारायण चारी मिश्र ने सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लायसेंस धारी व्यक्तियों से शस्त्र जमा कराये जा रहे है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चिन्हित अपराधियों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाही की जा रही है।


