- MX ओरिजिनल ‘राइज़ एंड फॉल’ सीज़न 2 को मिला अपना विजेता, शहज़ाद पूनावाला ने जीती शानदार ट्रॉफी
- MX Original Rise and Fall Season 2 Crowns Its Champion, with Shehzad Poonawalla Taking Home the Coveted Trophy
- Harsh Rajput’s Natural and Realistic Performance in Jhaad Phoonk Wins Appreciation, Audiences Go Gaga Over His Screen Presence
- Dia Mirza Attends One Young World Summit in Cape Town to Inspire Change & Work for a Healthy Future
- Netted Sarees to Embellished Shararas: 5 Times Pragya Jaiswal Served the Ultimate Festive Fashion Goals
कोविड टीकाकरण में फिर इंदौर ने बनाया इतिहास
शत-प्रतिशत नागरिकों को लगी प्रथम डोज, मुख्यमंत्री के निर्देशों का हुआ पालन
इंदौर. इंदौर ने कोविड टीकाकरण में एक बार फिर से इतिहास बनाया है. समूचे देश में 10 लाख से अधिक की आबादी वाले ज़िलों में इंदौर पहला जिला बन गया है जहाँ के शत प्रतिशत नागरिकों को प्रथम डोज की वैक्सीन लगायी जा चुकी है. गत 26 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इन्दौर प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों का सौ फ़ीसदी पालन हो गया है.
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में अगस्त माह में ही शत प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने का आग्रह किया था. कलेक्टर मनीष सिंह ने आज यह जानकारी देते हुए बताया है कि मुख्यमंत्रीजी द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप आज 31 अगस्त को यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है. कलेक्टर ने इन्दौर ज़िले के सम्पूर्ण नागरिकों, जनप्रतिनिधियों व मीडिया कर्मियों, धर्मगुरूओं और टीकाकरण कार्य में संलग्न सभी शासकीय सेवकों को इसका श्रेय देते हुए बधाई दी है.

उल्लेखनीय है कि टीकाकरण की इस मुहिम में नगर निगम इन्दौर ने विशेष भूमिका निभायी है, समूचे अभियान में नगर निगम इन्दौर को नोडल एजेंसी बनाया गया था. कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि इन्दौर ज़िले का लक्ष्य 28 लाख 7 हजार 559 लोगों का टीकाकरण करना था. आज 31 अगस्त को सायंकाल छः बजे ही इस लक्ष्य को पार करते हुए कुल 28 लाख 08 हजार 212 व्यक्तियों का कोरोना के टीके का पहला डोज लगा दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने जनता का आभार व्यक्त किया
प्रदेश के गृह मंत्री तथा इंदौर जिले के प्रभारी डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना टीकाकरण के क्षेत्र में देश में इंदौर ने शत-प्रतिशत टीकाकरण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है. उन्होंने विशेषकर इंदौर की जागरूक जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कहा कि इन सबके सक्रिय सहयोग से ही यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. यह उपलब्धि कोरोना को हराने में कारगर होगी.
मंत्री सिलावट ने दी शुभकामनाएं
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कोरोना टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं. श्री सिलावट ने कहा कि इंदौर ने टीकाकरण के क्षेत्र में पुनट्ठ एक बार फिर रिकार्ड कायम किया है। यह हमारे लिये गौरवपूर्ण उपलब्धि है.
इंदौर जो तय करता है वह पूरा करता हैः ठाकुर
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुश्री ऊषा ठाकुर ने उपलब्धि के लिये कहा कि इंदौर जो तय करता है, उसे सब मिलकर पूरा करते है. चाहे कितना भी चुनौतिपूर्ण कार्य हो, या कठिन लक्ष्य सबको, सबके सहयोग से पूरा किया जाता है. यह इंदौर की विशेषता है.
जागरूक प्रयासों से मिली महत्वपूर्ण उपलब्धिः संभागायुक्त
संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने इंदौर जिले में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिये आभार व्यक्त किया है. इस उपलब्धि में टीका लगाने वाले कर्मियों, स्वास्थ्य विभाग के अमले, जिला प्रशासन तथा नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है.


