- MX ओरिजिनल ‘राइज़ एंड फॉल’ सीज़न 2 को मिला अपना विजेता, शहज़ाद पूनावाला ने जीती शानदार ट्रॉफी
- MX Original Rise and Fall Season 2 Crowns Its Champion, with Shehzad Poonawalla Taking Home the Coveted Trophy
- Harsh Rajput’s Natural and Realistic Performance in Jhaad Phoonk Wins Appreciation, Audiences Go Gaga Over His Screen Presence
- Dia Mirza Attends One Young World Summit in Cape Town to Inspire Change & Work for a Healthy Future
- Netted Sarees to Embellished Shararas: 5 Times Pragya Jaiswal Served the Ultimate Festive Fashion Goals
मालवा-निमाड़ की 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगा जयस: डॉ. अलावा
इंदौर। मध्यप्रदेश में आदिवासियों का प्रतिशत 22 फीसदी है और हमारी कांग्रेस से गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। हम केवल मालवा-निमाड़ अंचल में ही कम से कम 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। यदि कांग्रेस से गठबंधन नहीं हुआ तो जयस प्रदेश की 80 सीटों पर निर्दलीय चुनाव लड़ेगा।
वहीं जयस चाहता है कि इंदौर की 5 नंबर विधानसभा सीट से डॉ. आनंद राय हमारी ओर से चुनाव लड़े। आदिवासियों की राजधानी कुक्षी है। इसलिए कुक्षी हमारा केंद्र बिंदु होगा और वहां से हर हालत में मैं ही चुनाव लड़ूंगा। आदिवासियों को लूटने वाले भाजपा वाले ही है और उन्होंने सरकारी योजनाओं के नाम पर आदिवासियों को बड़े पैमाने पर विस्थापित किया है। आज देश में 3 से 4 करोड़ आदिवासी विस्थापित है जबकि दो लाख 85 हजार आदिवासी जेलों में सड़ रहे हैं।
यह विचार जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा के हैं, जो उन्होंने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित ‘अपनी बात’ कार्यक्रम में व्यक्त किए। इसी कार्यक्रम में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बलबीरसिंह तोमर ने भी अपनी बात रखी। दोनों से बातचीत के बीच में समन्वय की भूमिका वरिष्ठ पत्रकार डॉ. प्रतीक श्रीवास्तव ने निभाई।
विधानसभा चुनाव के संदर्भ में डॉ. अलावा ने कहा कि आजादी के 73 सालों बाद भी आदिवासियों की हालत बदतर है। उन्हें बांध निर्माण, अभ्यारण्य, उद्योग आदि लगाने की आड़ में बड़े पैमाने पर विस्थापित किया जा रहा है। आदिवासी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। आदिवासी परिवार बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित है। आदिवासी अंचलों में बेहतर सड़कें, शुद्ध पेयजल, सिंचाई के साधन आदि नहीं है। आदिवासी बच्चे कुपोषण और भुखमरी के शिकार है।
डॉ. अलावा ने आगे कहा कि झाबुआ, बड़वानी, आलीराजपुर, कुक्षी, धार क्षेत्र आदिवासी बहुल्य जिले हैं, लेकिन यहां पर आज भी एक मेडिकल कॉलेज नहीं है। इन क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि भी विधानसभा में आदिवासियों की समस्याओं को नहीं उठाते हैं। यहां के प्रतिनिधि इंदौर में मेट्रो लाने की तो बात करते हैं, लेकिन आदिवासी अंचलों को रेल सेवा से जोडऩे की पहल नहीं करते। मजबूरन आदिवासी बच्चों को इंदौर जैसे शहर में आकर महंगी शिक्षा ग्रहण करना पड़ रही है।
प्रदेश में भ्रष्टाचार इस कदर है कि आलीराजपुर में अलग-अलग विकास योजनाओं के लिए 22 अरब रुपए आए, लेकिन आज भी इस जिले में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। आज भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दल वंशवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। जिसका जयस पूरजोर विरोध करता है।
विधानसभा चुनाव में जयस और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगा। जहां तक चुनाव के फंडिंग की बात है तो जयस आदिवासी अंचलों में एक मुट्ठी अनाज और 10 रुपए प्रति परिवार से पिछले 22 सितंबर से एकत्र कर रहा है। एक सवाल के जवाब में डॉ. अलावा ने कहा कि जयस केवल आदिवासियों की ही हितैषी नहीं है वरण वह मुस्लिम, दलित और हर उस वर्ग के साथ है जो अंतिम पंक्ति में खड़ा है।
भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने आदिवासियों के साथ छलावा किया
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बलवीरसिंह तोमर ने कार्यक्र म में कहा कि कुछ स्थानों पर हमारा गठबंधन समाजवादी पार्टी के साथ हो चुका है और हम पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने आदिवासियों के साथ छलावा किया है।
तोमर ने कांग्रेस के लिए लॉलीपाप शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कांग्रेस दूर से हमारी पार्टी को लॉलीपाप दिखाकर भ्रमित करती है, क्योंकि वो पहले तो हमे अपने पास बुलाती है और समय आने पर पीछे धकेल देती है। पिछले विधानसभा चुनाव में हमसे जो गलतियां हुई हैं, उसे हम इस बार दूर करेंगे और अगली सरकार आदिवासियों की होगी।
श्री तोमर ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने आदिवासियों का भरपूर दोहन किया और उन्हें बदले में कुछ नहीं मिला। एक समय था, जब छात्रावासों पर आदिवासी छात्रावास लिखा होता था, लेकिन आज इनपर जूनियर और सीनियर लिखा मिलता है, इस तरह सरकार द्वारा आदिवासी शब्द को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार आदिवासियों की जमीन छीनकर बांध बनाती है, लेकिन इसका लाभ अमीर किसानों को मिलता है और गरीब आदिवासी इस लाभ से वंचित रहता है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा काम सबसे पहले प्रदेश में रोटी बचाओ, बेटी बचाओ, किसान बचाओ, गांव बचाओ के साथ युवाओं को रोजगार दिलाना रहेगा। आज आम आदमी महंगाई की चक्की में पिस रहा है। एक समय था जब 40 रुपए डीजल व 50 रुपए लीटर पेट्रोल मिल जाता था लेकिन भाजपा के राज में सबकुछ महंगा हो रहा है। बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म के मामले में मप्र दूसरे नंबर पर है और शिवराज मामा कहते हैं हम बहन-बेटियों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
राजा रावण व महिषासुर हमारे पूर्वज हैं। पत्रकारों के एक सवाल पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बलवीरसिंह तोमर ने कहा कि राजा रावण और महिषासुर हमारे पूर्वज हैं। इसे स्वीकार करने में हमें कोई गुरेज नहीं हैं। हम उन्हें अपना आईकोन मानते हैं।
स्वागत उद्बोधन देते हुए इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच जयस और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अपनी विशेष पहचान बनाई है, जो बड़ी बात है। दोनों ही दल आदिवासियों के हितों की चिंता कर रहे हैं और आमजन भी उन पर गंभीरता दिखा रहा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत अरविंद तिवारी, नवनीत शुक्ला, संजय त्रिपाठी ने किया। संचालन इंदौर प्रेस क्लब के महासचिव नवनीत शुक्ला ने किया। आभार कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप जोशी ने माना। इस अवसर पर पूर्व महाधिवक्ता एवं समाजसेवी श्री आनंद मोहन माथुर, डॉ. आनंद राय, समाजसेवी किशोर कोडवानी, मुन्ना अंसारी, वरिष्ठ पत्रकार सर्वश्री श्रवण गर्ग, कीर्ति राणा, शशि शुक्ला, हेमन्त शर्मा, सिद्धार्थ माछीवाल, उमेश रेखे, महेन्द्रसिंह सोनगिरा सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी एवं राजनीति में रुचि रखने वाले शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


