- CBM India Launches Three-Year Initiative to Train 240 Grassroots Rehabilitation Workers
- Shakti Pumps Brings Made-in-India Solar and Pumping Solutions to the Global Stage at Big 5 Global 2026
- टाईरन ट्रैवल मार्केटिंग ने मल्टी-सिटी ट्रेड रोडशो के साथ पूरे भारत में रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल का विस्तार किया
- TIRUN Travel Marketing Takes Royal Caribbean International Across India With Multi-City Trade Roadshows
- रेज फाइनेंशियल सर्विसेज ने लॉन्च किया ट्रेडिंगचार्ट्स: भारतीय ट्रेडर्स और निवेशकों के लिए नए सिरे से तैयार एआई आधारित चार्टिंग प्लेटफॉर्म
आज से तीन दिनों का लॉक डाउन, उल्लंघन करने पर पहुँच सकते हैं जेल
संभागायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हुआ निर्णय
इंदौर. 30 मार्च से तीन दिनों के लिए टोटल लॉकडाउन रहेगा। पेट्रोल पंप सहित किराना सब्ज़ी दूध कोई भी दुकानें नहीं खोली जा सकेगी। सड़कों पर कोई भी वाहन नहीं चलेगा। दो पहिया चार पहिया वाहन किसी भी स्थिति में सड़क पर दिखाई नहीं देंगे। जिन घरों में कोरोना के मरीज़ मिले हैं, उनके इर्द गिर्द रहने वालों को: Quarintine सेंटर में रखा जाएगा। शहर में मज़दूर वर्ग बेसहारा और बिना छत के नहीं रहेगा। उनके लिए राधा स्वामी डेरे में व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
संभागायुक्त श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिए गए। बैठक में आई.जी. इंदौर श्री विवेक शर्मा, कलेक्टर श्री मनीष सिंह, डीआईजी श्री हरिनारायणा चारी मिश्र सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में संभागायुक्त श्री त्रिपाठी ने कहा कि टोटल लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले और कोरोना की सैमपोलिंग में बाधा डालने वालों और स्वास्थ्य विभाग की टीम से असहयोग करने वालों पर कड़ी क़ानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लंघन करने वालों को इस जेल में रखा जाएगा
बैठक में कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने कहा के एक स्थान का चयन कर खुली जेल घोषित किया जाएगा और टोटल लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों को इस जेल में रखा जाएगा। बैठक में आयुक्त नगर निगम श्री आशीष सिंह ने बताया कि नगर निगम राजस्व और पुलिस के संयुक्त टीम बना ली गई है।
नवागत कलेक्टर ने बिना किसी विलंब के जारी किए निर्देश
कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने बिना किसी देरी के शहर में कंप्लीट लॉक डाउन के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा, कोरोना वायरस को लेकर अब धीरे-धीरे प्रशासन शक्ति बढ़ाता जाएगा। जनता से अनुरोध है कि कुछ दिनों थोड़ी परेशानियों का सामना कर लें, क्योंकि कोविड- 19 को आज संयमित नहीं किया गया तो कल वह बहुत ही भयावह स्थिति बन कर उभरेगा।
ज्यादा केस वाले स्थान पूर्ण रूप से प्रतिबंधित
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि ऐसे स्थान जहां पर कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या ज्यादा है वे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। रानीपुरा, नयापुरा ,चंदन नगर ,हाथीपाला, दौलतगंज आदि स्थानों पर ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि आज रानीपुरा को टेकओवर किया जा रहा है। इस स्थान के आसपास की रोड को लॉक डाउन करके स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
स्क्रीनिंग के पश्चात दवाइयां भी बटवाई जाएंगी। इस प्रकार चयनित स्थानों पर ऐसे व्यक्ति जिनकी उम्र 55 साल से अधिक है तथा जिन्हें हृदय रोग अथवा डायबिटीज की परेशानी है, उन्हें दवा का कितना डोज़ देना है, यह भी निश्चित किया जा रहा है।
प्राइवेट अस्पतालों से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा
जिलाधीश ने बताया कि हमारी प्राथमिकता ऐसे मरीजों को अलग करना है जो हाई रिस्क कैटेगरी में आते हैं अर्थात जिन्हें क्वॉरेंटाइन करने की जरूरत है। ऐसे मरीजों को आइसोलेट करके रखा जाएगा। इसके लिए अलग से दो-तीन हॉस्पिटल तय कर मरीजों को शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्वॉरेंटाइन के लिए मैरिज गार्डन भी लिए जा रहे हैं जहां मरीजों के भोजन संबंधी उचित व्यवस्थाएं भी रहेंगी।
स्वयंसेवी संस्थाओं को दी गई छूट निरस्त
गरीब, विकलांग, वृद्ध, आश्रित लोगों के सेवा कार्य की इच्छुक सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश में छूट दी गई थी। पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार कुछ निश्चित संस्थाएं गरीबों, आश्रितों,वृद्धों एवं विकलांगों की मदद हेतु भोजन पैकेट, दवाइयां आदि उपलब्ध करा सकेंगे। नवागत कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने इस आदेश को निरस्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन अलग से लगभग 10000 भोजन पैकेट की व्यवस्था कर रहा है। जिसके द्वारा जरूरतमंदों की मदद की जाएगी साथ ही दवा तथा इलाज संबंधी व्यवस्था भी बनाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस समय प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को घरों में रहने के लिए प्रेरित करना है जिससे कि कोरोना वायरस के संक्रमण की जंजीर को तोड़ा जा सके।
*वाहनों के लिए शुरू किया गया ऑड-इवन क्लोज आदेश भी निरस्त*
वाहनों के लिए शुरू किया गया ऑड-इवन, क्लोज आदेश निरस्त किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को घर में रहने के लिए प्रेरित करना एवं सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना है। इंदौर कोरोना वायरस के संक्रमण की जिस स्टेट से गुजर रहा है उस समय यह अतिआवश्यक है कि लोग घर में ही रहें और बाहर बिल्कुल भी ना जाएं।
उन्होंने बताया कि हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की भोजन व्यवस्था हॉस्टल मालिकों तथा मजदूरों के लिए इसी प्रकार की व्यवस्था ठेकेदार के द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह हॉस्टल मालिकों तथा ठेकेदारों की जिम्मेदारी बनती है कि वे समुचित व्यवस्था बनाएं अन्यथा उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि, इस वक्त ज्यादा हरी सब्जियां भी ना खरीदें। क्योंकि सब्जियां भी कई स्तर से होते हुए घर में पहुंचती है तथा इनमें भी वायरस पाए जाने की संभावना बनी रहती है। अतः इस घड़ी में कम साधनों में आवश्यकता की पूर्ति करना ही बेहतर है।


