- IIM Indore Conducts Bharat KALP Leadership Programme, Bringing Together Senior Civil Servants to Strengthen Governance and Public Leadership
- आईआईएमइंदौर ने आयोजित किया भारत KALP नेतृत्व कार्यक्रम; सुशासन और सार्वजनिक नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए देशभर के वरिष्ठ सिविल सेवक हुए शामिल
- Bunty Singh Wins Two Elite Titles, Shines at Mrs. Asia Pacific World & India International Cosmo 2026
- दो प्रतिष्ठित मंचों पर छाईं बंटी सिंह, मिसेज एशिया पैसिफिक वर्ल्ड एवं इंडिया इंटरनेशनल कॉस्मो 2026 की एलीट विनर बनीं
- इंदौर में बिलियनेयर्स नेटवर्क के ‘बीएन प्रथम’ चैप्टर का लॉन्च, उद्यमियों को मिलेगा नेटवर्किंग का मंच
युवावर्ग समाज, परिवार, पर्यावरण और अध्यात्म के लिये काम करे: कमल नाथ
इंदौर. मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ आज रवीन्द्र नाट्य गृह में इंडिया टुडे माइंड रॉक यूथ समिट में “आज तक” के उद्घोषक श्री सईद अंसारी से चर्चा करते हुए कहा कि युवावर्ग को समाज, परिवार, पर्यावरण और अध्यात्म के लिये काम करना चाहिये, जबकि आज के युवावर्ग का झुकाव सिर्फ नौकरी और व्यवसाय पर है। उन्हें अपना नजरिया व्यापक बनाना होगा। हमारे लिये समाज और राष्ट्र सर्वोपरि है।
उन्होंने कहा कि कानून की नजर में सब समान है। कानून का उल्लंघन करने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही होना चाहिये। देश में कानून का राज है। श्री अंसारी से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की 70 प्रतिशत जनता खेती-किसानी पर निर्भर है।
कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार की जरूरत है। प्रदेश में कृषि पर आधारित उद्योगों की स्थापना की जायेगी। पूंजी निवेश की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को उद्योगपतियों का विश्वास जीतना होगा, उसके बाद पूंजी निवेश बढ़ेगा और उद्योग लगेंगे तथा व्यापक पैमाने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन का लक्ष्य सिर्फ पद प्राप्त करना नहीं होना चाहिये, अपितु उसे आत्मिक शांति तभी मिलेगी, जब वह देश, समाज,किसानों और गरीबों के लिये काम करेगा। हम सबको स्वान्त: सुखाय काम करना चाहिये, तभी हमारा जीवन सफल होगा।
चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि फुटबाल, बैडमिंटन, हॉकी, पर्वातारोहण आदि हमारे शौक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ठीक ढंग से काम कर रही है। मंत्रिमण्डल टीम भावना से काम कर रहा है। मुख्यमंत्री का काम अधीनस्थ मंत्रियों को प्रेरित और प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है। राज्य सरकार का मूल उद्देश्य गरीबों का उद्धार करना है। राज्य सरकार गरीबों और किसानों की सरकार है। लोकसभा चुनाव के कारण हमें काम करने का मौका नहीं मिला। अब हम नई नीतियाँ बनाएंगे और उसे लागू करेंगे।
एक साल बाद सरकार की उपलब्धियाँ हर क्षेत्र में दिखायी देंगी। हमारा अभिनव प्रयास होगा कि समाज का गरीब तबका उन्नति करे और वह बीपीएल से ऊपर उठकर मध्यम या उच्च वर्ग की श्रेणी में आये और राष्ट्र की मुख्य धारा में जुड़ जाये।
कार्यक्रम के अन्त में मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इन विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग, मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और मध्यप्रदेश शिक्षा मण्डल की परीक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया, जिनके नाम इस प्रकार हैं – अतुल समैय्या,विकास चौधरी, आयुष्मान ताम्रकार, राजेश दीक्षित, महिपाल, जैनफ टैफी, सोहा हलधर, सृष्टि देशमुख, राहुल जैन और महेन्द्र तिवारी।
इस अवसर पर गृह मंत्री श्री बाला बच्चन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा, उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी, कृषि मंत्री श्री सचिन यादव, कमिश्नर श्री आकाश त्रिपाठी, एडीजीपी श्री वरूण कपूर, कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जाटव, एसएसपी श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र आदि मौजूद थे।


